छठ पर्व के मद्देनजर पूर्वी दिल्ली के महापौर, श्री बिपिन बिहारी सिंह ने आज शाहदरा (दक्षिण) क्षेत्र में विभिन्न छठ घाटों का दौरा किया। इस दौरान संबंधित क्षेत्र के पार्षद,रोमेश चंद्र गुप्ता; नीतू त्रिपाठी, जुगनू चौधरी, उपायुक्त संजीव कुमार और निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।निरीक्षण के दौरान, महापौर ने अधिकारियों को समय रहते छठ घाटों की साफ-सफाई सुनिश्चित कराने को कहा है। साथ ही,घाटों की ओर जाने वाले रास्तों पर पानी का छिड़काव कराने के निर्देश दिए ताकि रास्तों पर धूल ना उड़े और प्रदूषण से बचा जा सके। महापौर ने अधिकारियों को घाटों की ओर जाने वाले खराब रास्तों की मरम्मत के भी निर्देश दिए। महापौर ने कहा है कि छठ व्रतधारियों की सुविधाओं के लिए पूर्वी दिल्ली नगर निगम अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाले सभी संभव इंतजाम करेगा।महापौर ने हिंडन नहर में पानी आपूर्ति ना होने को लेकर भी चिंता जाहिर की है। महापौर ने कहा कि वह यूपी और हरियाणा सरकार को पत्र लिखकर आगरा व हिंडन नहर में पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने का अनुरोध कर चुके हैं ताकि छठ के पर्व पर व्रतधारियों को पानी की समस्या ना हो। महापौर ने कहा कि निगम अपने स्तर पर छठ व्रतधारियों को अधिकतम सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है।
छठ पर्व के मद्देनजर महापौर बिपिन बिहारी सिंह ने छठ घाटों का दौरा किया