छठ-पर्व के मद्देनजर सुश्री वीना विरमानी ने भलस्वा झील और हैदरपुर नहर का दौरा किया

छठ-पर्व के मद्देनजर उत्तरी दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिति की अध्यक्ष, सुश्री वीना विरमानी ने आज भलस्वा झील और हैदरपुर नहर का दौरा किया। भलस्वा झील के निरीक्षण के दौरान सिविल लाइंस क्षेत्र वार्ड समिति के अध्यक्ष, सुरेंद्र सिंह खरब और क्षेत्रीय पार्षद और पूर्व उपमहापौर  विजय भगत, निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारी और दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। वहीं, सुश्री विरमानी के हैदरपुर नहर के निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय पार्षद, सुरजीत सिंह और संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।भलस्वा झील के निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने सुश्री विरमानी को बताया कि झील में गोबर बहकर आने के चलते इससे काफी दुर्गंध आती है। जिसपर सुश्री विरमानी ने डीडीए के अधिकारियों को कहा है कि वे झील में चूना डालकर या अन्य उचित तरीके से इस समस्या का समाधान करें। सुश्री विरमानी ने निगम अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे छठ पूजा से पहले झील और आसपास के इलाकों की सफाई सुनिश्चित कराएं ताकि छठ व्रतधारियों को पूजा में कोई समस्या ना हो।हैदरपुर नहर में बड़ी संख्या में छठ व्रतधारी पूजा करते हैं। इसे देखते हुए सुश्री विरमानी ने निगम अधिकारियों से नहर की जरूरी सफाई और अन्य अधिकृत व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। सुश्री विरमानी ने नहर की सफाई कराने के लिए निगम अधिकारियों को दो दिन का समय दिया है और कहा है कि वह तय समय के बाद सफाई कार्यों का दोबारा जायजा लेंगी।  सुश्री विरमानी ने कहा है दिल्ली में लोगों की बड़ी आबादी छठ पर्व बेहद उत्साह और उल्लासपूर्वक मनाती है, इसलिए छठ व्रतधारियों की सुविधाओं के लिए निगम अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाले सभी इंतजाम करने को लेकर गंभीर है।