पूर्वी दिल्ली नगर निगम ने नागरिक सेवाएं प्रदान करने के लिए 18 कंप्यूटर केंद्रों को पंजीकरण प्रमाणपत्र जारी किए

पूर्वी दिल्ली के महापौर,  बिपिन बिहारी सिंह ने आज उद्योग सदन पटपड़गंज स्थित निगम मुख्यालय में ‘पूर्वी दिल्ली नगर निगमः आपके द्वार’कार्यक्रम के तहत साइबर कैफे और कंप्यूटर सेंटरों को पंजीकरण प्रमाणपत्र वितरित किए। इस दौरान नेता सदन,  निर्मल जैन और निगम के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।कार्यक्रम के दौरान 18 सुविधा केंद्रों को रजिस्ट्रेशन प्रमाणपत्र जारी किए गए और 4 अन्य केंद्रों के पंजीकरण प्रमाणपत्र अभी प्रक्रियाधीन है। ये पंजीकृत केंद्र निगम द्वारा जन्म व मृत्यु प्रमाणपत्र, जनरल ट्रेड लाइसेंस, हैल्थ ट्रेड लाइसेंस, वैटनरी ट्रेड लाइसेंस और फैक्टरी ट्रेड लाइसेंस जारी करने औरनवीकरण करने हेतु अधिकृत किए गए हैं। ये केंद्र नागरिकों से तय फीस लेकर निगम की चुनिंदा सेवाएं उपलब्ध करा सकते हैं। पूर्वी दिल्ली नगर निगम के निर्देशानुसार ये केंद्र नागरिकों से नए लाइसेंस के लिए अधिकतम 250, लाइसेंस नवीकरण के लिए अधिकतम 150 और जन्म अथवा मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए अधिकतम 50 रूपए फीस वसूल सकते हैं। पूर्वी दिल्ली नगर निगम द्वारा सभी केंद्रों को यूजर आईडी और पासवर्ड जारी किए गए हैं और उनके काम-काज की  निगरानी भी की जाएगी।पूर्वी दिल्ली के महापौर,  बिपिन बिहारी सिंह ने बताया कि पूर्वी दिल्ली नगर निगम नागरिकों को आसान तरीकों से सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर प्रतिबद्ध है और यह प्रयास इसी सोच का हिस्सा है। महापौर ने कहा कि जरूरी शर्ते पूरी करने के बाद ही इन केंद्रों को प्रमाणपत्र दिए गए हैं और जल्द ही पूर्वी दिल्ली में और केंद्रों को भी इस पहल से जोड़ा जाएगा।महापौर ने कहा कि पूर्वी दिल्ली नगर निगम द्वारा पंजीकृत इन सुविधा केंद्रों को निगम के ऐप ईडीएमसी 311 से जोड़ा गया है और नागरिक ईडीएमसी 311 ऐप पर अपने नजदीकी सुविधा केंद्र की जानकारी ले सकते हैं। महापौर ने कहा कि पूर्वी दिल्ली नगर निगम की इस पहल से नागरिकों सुविधाओं में पारदर्शिता बढ़ेगी  और नागरिकों को आसानी होगी।