अमेरिकी कर्मचारियों ने व्हाइट हाउस के बाहर किया प्रदर्शन


वाशिंगटन। अमेरिका में बीस दिन से चल रहे आंशिक शटडाउन के कारण अवकाश पर रहने को मजबूर संघीय कर्मचारियों ने व्हाइट हाउस के बाहर प्रदर्शन कर अपना रोष जताया है। उन्होंने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से शटडाउन खत्म करने की अपील करते हुए अपने वेतन की मांग की। व्हाइट हाउस के बाहर मार्च करते हुए कर्मचारियों ने कुछ पोस्टर भी लहराये। इनमें लिखा था, %हमें हड़ताल नहीं काम चाहिए।% राजधानी वाशिंगटन के अलावा फ्लोरिडा, न्यूयॉर्क, ओग्डेन आदि में भी कई जगहों पर सरकारी कर्मियों ने प्रदर्शन किया। राष्ट्रपति ट्रंप ने मेक्सिको सीमा पर दीवार बनाने का अपना चुनावी वादा पूरा करने के लिए संसद से 5.7 अरब डॉलर (करीब 40 हजार करोड़ रुपये) के अतिरिक्त बजट की मांग की थी। इस पर सहमति नहीं बनने के कारण ही अमेरिका में शटडाउन की स्थिति है। इससे करीब आठ लाख संघीय कर्मचारी प्रभावित हैं। उन्हें या तो अवकाश पर रहना पड़ रहा है या बिना वेतन के काम करना पड़ रहा है। पर्यावरण सुरक्षा एजेंसी की वैज्ञानिक एलन सुरियानो ने कहा, %इससे यह तो स्पष्ट हो गया है कि सरकार आम नागरिकों की समस्या नहीं समझती।% एक अन्य संघीय कर्मचारी मैथ्य क्रिस्टन ने कहा, शटडाउन के कारण हम अपनी मुलभूत जरूरतें भी पूरी नहीं कर पा रहे।गत 22 दिसंबर से शुरू हुआशटडाउन अमेरिका का दूसरा सबसे लंबा शटडाउन है। इससे पहले 1995 में 16 दिसंबर से छह जनवरी 1996 के बीच 21 दिन तक सरकारी काम ठप रहा था।