गौवंश संरक्षण के लिए हो रहा है 3 गौशालाओं का निर्माण: रितु माहेश्वरी







गाजियाबाद। जिलाधिकारी रितु माहेश्वरी ने कहा कि जनपद में कुल 6 पंजीकृत तथा 2 अपंजीकृत गौशालाएं संचालित हैं, जिनमें 4052 छुट्टा/बेसहारा पशुओं को संरक्षित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कान्हा गौशाला बेगमाबाद, बुदाना नगर पालिका मोदीनगर से पंजीकृत है। जबकि श्रीकृष्ण गौशाला (पं) करहेड़ा मोहननगर जोन नगर निगम गाजियाबाद से और श्री कृष्ण गौशाला (पं) फाटक विजय नगर जोन नगर निगम गाजियाबाद से पंजीकृत है। इसी तरह नन्दी पार्क  गौशाला, नगर निगम गाजियाबाद से, दुधेश्वरनाथ जस्सीपुरा, नगर निगम गाजियाबाद से पंजीकृत है। इसी प्रकार, मगनोदेवी गौशाला (पं) ग्यासपुर विकास खण्ड मुरादनगर से पंजीकृत है। 

डीएम श्रीमती माहेश्वरी ने आगे बताया कि अपंजीकृत गौशाला ग्राम मोहम्मदपुर, सुजानपुर विकास खण्ड भोजपुर में एवं अपंजीकृत कन्हैया गौशाला ग्राम बन्थला विकास खण्ड लोनी में शामिल है। उन्होंने कहा कि विकास खण्ड, भोजपुर के ग्राम पट्टी एवं हुसैनपुर-सैदपुर डीलना तथा ग्राम पंचायत-तलहटा विकास खण्ड-मोदीनगर में कुल लागत 175.29 लाख रुपए की धनराशि से 700 गौवंश को संरक्षित किये जाने के लिए 3 गौशालाओं का निर्माण कराया जा रहा है। जिसमें विकास खण्ड भोजपुर के ग्राम पंचायत पट्टी में गौशाला का निर्माण, विकास खण्ड भोजपुर के ग्राम पंचायत हुसैनपुर सैदपुर डीलना में गौशाला का निर्माण एवं विधान सभा मोदीनगर के ग्राम तलहटा में गौवंश की सेवा एवं संरक्षण हेतु गौशाला का निर्माण कराया जा रहा है।

इसके अतिरिक्त, जनपद में 6 गौशालाएं एवं 1 काजी हाउस का निर्माण कुल लागत 3075.73 लाख रुपये की धनराशि से कराया जाना प्रस्तावित है, जिनमें 3355 छुट्टा/बेसहारा गौवंश को संरक्षित किया जायेगा। इन 6 गौशालाएं एवं 1 काजी हाउस में निवाड़ी पतला एवं मुरादनगर की एक संयुक्त कान्हा गौशाला निवाड़ी का निर्माण, नगरपालिका लोनी में गौशाला का निर्माण एवं काजी हाउस का निर्माण, नगर निगम गाजियाबाद में कान्हा गौशाला की स्थापना, विकास खण्ड मुरादनगर के ग्राम खिंदौड़ा में गौशाला का निर्माण, विकास खण्ड रजापुर के ग्राम निडौरी में गौशाला का निर्माण, मौजपुर आमद बागपत ग्राम पंचायत मतौर विकास खण्ड मुरादनगर एवं ग्राम पंचायत भनैडा विकास खण्ड मुरादनगर प्रस्तावित है।