कांग्रेस नीत यूपीए और समाजवादी महागठबंधन महज एक सियासी ढकोसला, बीजेपी को फिर कमान सौंपेगी जनता: अरुण सिंह











गाजियाबाद। भारतीय जनता पार्टी केे राष्ट्रीय महासचिव और केंद्रीय कार्यालय प्रभारी अरुण सिंह ने शुक्रवार को कांग्रेस नीत यूपीए गठबंधन और सपा-बसपा नीत महागठबंधन की अंदरूनी सांठगांठ की बखिया 

उधेड़ते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यशोगान किया। साथ ही दावा किया कि उनकी पार्टी बीजेपी पीएम मोदी के नेतृत्व में आगामी लोकसभा चुनाव में पहले से ज्यादा सीटें जीतकर पुनः सत्ता में लौटेगी। 

 

श्री सिंह आरडीसी स्थित कृष्णा सागर होटल  सभागार में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के दिशा-निर्देश में पूरे देश में आज संवाददाता सम्मेलनों का आगाज किया गया है, इसी सिलसिले मैं आपलोगों के बीच हूं, ताकि जनता को प्रधानमंत्री द्वारा किए जा रहे कार्यों की समुचित जानकारी दी जा सके। साथ ही साथ, यह भी बताया जा सके कि पूरा का पूरा विपक्ष आज किसी एक पार्टी के खिलाफ नहीं, बल्कि उस व्यक्ति के खिलाफ गोलबंद हो रहा है, जिसने सत्तागत भ्रष्टाचार को समाप्त करके देश की एक मजबूत वैश्विक पहचान बनाई है और विश्व के निर्विवाद नेता के रूप में स्थापित होने की ओर अग्रसर है, जो कि प्रत्येक भारतवासी के लिए गर्व का विषय है।

 

राष्ट्रीय महासचिव श्री सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को भी आड़े हाथों लिया और कहा कि पीएम मोदी के खिलाफ वो लगातार अनर्गल आरोप लगा रहे हैं। मुझे हैरत होता है कि जो कांग्रेस घपलों-घोटालों में आकंठ डूबी हुई है, उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री गांधी अपने गिरेबान में नहीं झांककर नरेंद्र मोदी को बदनाम करने के लिए लगातार अनर्गल प्रलाप कर रहे हैं। उन्हें कहा कि क्वात्रोच्चि चाचा और मिशेल मामा को मोदी सरकार देश ला चुकी है और सच जनता के सामने है।

 

केंद्रीय कार्यालय प्रभारी श्री सिंह ने कहा कि सपा-बसपा का महागठबंधन स्वार्थ और सत्ता भोगने के लिए हो रहा है ताकि एक दूसरे के पुराने पापों पर पर्दा डाला जा सके। इस देश के छोटे मोटे वैसे दलों, जिनके हाथ भ्रष्टाचार से सने हैं, वो डर और भय के कारण पीएम मोदी के खिलाफ गोलबंद हो रहे हैं। लेकिन भारत की करोड़ों गरीब जनता पीएम मोदी और बीजेपी की गरीबोन्मुखी नीतियों के साथ है। वह देश के चौकीदार के खिलाफ गोलबंद दिख रहे भ्रष्टाचारियों को चुनावों में सबक जरूर सिखाएगी। क्योंकि ये भ्रष्टाचारी देश में वैसी मजबूर सरकार चाहते हैं जो इनके पापों को ढंक सके।

 

राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने कहा कि उनकी पार्टी देश से अलगाववाद, नक्सलवाद और आतंकवाद का समूल विनाश करने की ओर अग्रसर है। मोदी राज में आतंकियों को मारने की घटनाओं में 218 प्रतिशत की बृद्धि होना इस बात का परिचायक है कि सरकार उनकी बदनीयती के खिलाफ सख्त है। गोलियों के जवाब गोलों से दिए जाने को हम प्रतिबद्ध हैं। हमारी सरकार पाकिस्तानी और बंगलादेशी घुसपैठियों को बाहर करेगी और जो इस देश के स्वाभाविक शरणार्थी हैं, उन्हें सरकार शरण देगी।

 

पत्रकार वार्ता के दौरान महापौर आशा शर्मा, महानगर अध्यक्ष मान सिंह गोस्वामी, महानगर मीडिया प्रभारी प्रदीप चौधरी, मीडिया सह संयोजक अश्विनी शर्मा, जिला मीडिया प्रभारी हिमांशु शर्मा, पार्टी महामंत्री अशोक गोयल सहित कई नेता मौजूद थे।