महानगर भाजपा कार्यालय पर पुतला फूंकने के सवाल पर हुआ विरोध







महानगर अध्यक्ष का पुतला फूंकने पहुंचे कार्यकर्ताओं की गाड़ी से मिले तमंचे, जांच में जुटी कविनगर पुलिस

गाज़ियाबाद। भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के दौरान कथित हंगामे की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने कुछ उग्र कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है। खास बात यह कि पुलिस ने इन कार्यकर्ताओं की गाड़ी से तमंचे भी बरामद किये हैं। खबर है कि ये कथित भाजपा कार्यकर्ता गाज़ियाबाद में भाजपा महानगर अध्यक्ष मानसिंह गोस्वामी का विरोध कर रहे थे।

इस सम्बन्ध में कविनगर थानाप्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा ने बताया कि पार्टी कार्यकर्ता लीलू प्रधान ने कुछ कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर महानगर कार्यालय पर महानगर अध्यक्ष का पुतला फूंका। इस दौरान वहां पर पहले से मौजूद युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने जब इसका विरोध किया, तो लीलू प्रधान ने जलता हुआ पुतला युवा मोर्चा महानगर अध्यक्ष एवं महामंत्री पर फेंक दिया। जिससे बात बढ़ गई। उन्होंने आगे बताया कि इस घटना की सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने लीलू प्रधान समेत कुछ अन्य प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया है।

पुलिस ने यह खुलासा किया है कि भाजपा कार्यकर्ताओं की गाड़ी से तमंचे भी मिले हैं, जिसके संबंध में मामला दर्ज कर लीलू प्रधान और सम्बन्धित कार्यकर्ताओं से पूछताछ की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यदि पुलिस घटना की सूचना पाकर तुरन्त नहीं पहुंचती तो कोई बड़ा हादसा भी हो सकता था।