जिलाधिकारी ने जीडीए वीसी संग हिन्डन रिवर व न्यू बस अड्डा मेट्रो स्टेशन का किया निरीक्षण











 














गाजियाबाद। जिलाधिकारी रितु माहेश्वरी और जीडीए उपाध्यक्ष कंचन वर्मा ने शुक्रवार को न्यू बस अड्डा मेट्रो स्टेशन व हिन्डन रिवर मेट्रो स्टेशन का निरीक्षण किया। अधिकारी द्वय ने हिन्डन रिवर से गाजियाबाद तक की सड़क का निर्माण कार्य देखा और हिन्डन रिवर मेट्रो स्टेशन स्थित पार्किंग स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। उनलोगों ने हिन्डन रिवर मेट्रो स्टेशन का गहनता से निरीक्षण करते हुये सम्बन्धित अधिकारियों से विचार विमर्श किया। साथ ही, न्यू बस अड्डा स्थित एससीआर रूम व लिफ्ट का भी निरीक्षण किया। 

 

जिलाधिकारी श्रीमती माहेश्वरी ने गाजियाबाद नगर निगम, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण व लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि 20 फरवरी तक सभी निर्माण कार्य पूर्ण किये जाएं। उन्होंने  अपर नगर आयुक्त, नगर निगम से उक्त स्थलों को हरा भरा रखने हेतु पौधे रोपित करने के निर्देश दिये। उन्होंने  सम्बन्धित विभागों को अपने-अपने कार्यों से सम्बन्धित उत्तरदायित्व सौपें। जिलाधिकारी ने अधीक्षण अभियन्ता विद्युत को निर्देशित किया कि 20 फरवरी तक विद्युत विभाग से सम्बन्धित सभी कार्य पूर्ण कर लिये जाएं। सभी अधिकारियों ने जिलाधिकारी को आश्वस्त किया कि उद्घाटन की तिथि से पूर्व सभी कार्य पूर्ण कर दिये जाएंगे।

 

जिलाधिकारी ने गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के  मुख्य अभियन्ता वी एन सिंह को सड़कों के बीच के सेन्टल डिवाईडर के कार्य जल्द पूर्ण करने हेतु निर्देशित  किया। इस अवसर पर जीडीए वीसी श्री मती कंचन वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी रमेश रंजन, अपर नगर आयुक्त, नगर निगम, अधीक्षण अभियन्ता विद्युत, अधीक्षण अभियन्ता लोक निर्माण विभाग और डीएमआरसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।