नगर आयुक्त दिनेश चंद की सख्ती से प्रतिबंधित पॉलीथिन विक्रेताओं में मचा हड़कम्प













गाजियाबाद। स्थानीय नगर निगम के नगर आयुक्त दिनेश चंद्र की सख्ती से प्रतिबंधित पॉलीथिन बिक्रेताओं की अब शामत आ चुकी है। जब से नगर आयुक्त ने पदभार ग्रहण किया है, तब से शासन के आदेशों के अनुपालन में प्रतिबंधित पॉलीथिन बिक्रेताओं के विरुद्ध अभियान छेड़ दिया है। यह उनकी सख्ती का ही असर है कि नगर निगम के पांचों जोनों के जोनल प्रभारी अपने अपने इलाके में हरकत में आ चुके हैं और प्रतिदिन जब्त की गई प्रतिबंधित पॉलीथिन की मात्रा और दंड स्वरूप वसूली जा रही हजारों की धनराशि का ब्यौरा निगम मुख्यालय में भेज रहे हैं, जिसकी मोनिटरिंग नगर आयुक्त दिनेश चंद्र खुद कर रहे हैं। 

 

निगम मुख्यालय से प्राप्त अद्यतन जानकारी के मुताबिक गत दो दिनों में नगर निगम के पांचों जोनों में चलाये जा रहे पॉलीथिन प्रतिबंध अभियान के अंतर्गत कुल 18 किलोग्राम प्रतिबंधित पॉलीथिन और दंड स्वरूप 8,000 रुपये वसूले गए। आधिकारिक रूप से बताया गया है कि पांच जोनों में से गुरुवार को सिटी जोन में वार्ड-88 से 1.0 किलोग्राम, कविनगर जोन में वार्ड-53 से 2.0 किलोग्राम, मोहननगर जोन में साहिबाबाद रेलवे स्टेशन मार्ग से 2.5 किलोग्राम पॉलीथिन और 1,500 रुपए अर्थदंड वसूला गया। इसी प्रकार, विजयनगर जोन में वार्ड-14 से 1.0 किलोग्राम प्रतिबंधित पॉलिथीन जब्त की गई। कुल मिलाकर 6.5 किलोग्राम पॉलीथिन जब्त कर 1,500 रुपए अर्थदंड वसूले गये।

 

इसी प्रकार, बुद्धवार को सिटी जोन में 2.0 किलोग्राम,

कविनगर जोन में 1.5 किलोग्राम पॉलीथिन जब्त करते हुए 1,000 अर्थदंड, मोहननगर जोन में 3.0 किलोग्राम पॉलीथिन जब्त कर 3,000 रुपए अर्थदंड, वसुंधरा जोन में 4.0 किलोग्राम पॉलीथिन जब्त कर 2,500 रुपए अर्थदंड वसूले गए। जबकि विजयनगर जोन में 1.0 किलोग्राम पॉलीथिन जब्त की गई। कुल मिलाकर पांचों जोन में 11.5 किलोग्राम पॉलीथिन जब्त कर रुपये 6,500 रुपये अर्थदंड वसूले गए। दोनों दिन मिलाकर कुल 18 किलोग्राम प्रतिबंधित पॉलीथिन और 8,000 रुपए वसूले गए। जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कम्प मचा हुआ है। इससे पहले भी कई किलो पॉलीथिन और कई हजार रुपए अर्थदंड वसूले जा चुके हैं।