गाजियाबाद। बीजेपी के स्टार प्रचारक और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गाजियाबाद के रामलीला मैदान, घंटाघर में आयोजित चुनावी सभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यों का बखान करते हुए स्थानीय सांसद जनरल वी.के.सिंह के लिए वोट मांगे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 का लोकसभा चुनाव कोई सामान्य आम चुनाव नहीं है, बल्कि खास चुनाव है।यह लोकसभा चुनाव राष्ट्र निर्माण के साथ साथ अतंर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत की साख को बढ़ाने वाला चुनाव है। इसलिए शक्तिशाली भारत के निर्माण हेतु फिर मोदी सरकार को ही चुनें। जनरल वीके सिंह को ही वोट दें।
अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ साथ सांसद और पार्टी जनरल वी.के.सिंह को भी पूरा महत्व देते हुए हर बात पर उनका जिक्र करना नहीं भूलते थे, जिससे लोग प्रभावित रहे। जनरल सिंह की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि विश्व में जब भी भारतीयों के दूसरे देशों में फंसे होने की सूचना आई तब केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री जनरल वी.के.सिंह ने अपने दायित्व का पूरी ईमानदारी एवं निष्ठा पूर्वक निर्वाह किया। इससे विश्व स्तर पर भारत की एक अलग और महत्वपूर्ण पहचान बनी। उन्होंने कहा कि विश्व में जब भी, कहीं भी किसी के फंसे होने की बात उठती तो अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर लोग वीके.सिंह की वजह से भारत की तरफ से त्वरित सहयोग की दृष्टि से देखते हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जनरल वीके सिंह गाजियाबाद के प्रति हमेशा वफादार बने रहे। वे सप्ताह में दो दिन यदि विदेश यात्रा पर होते थे तो फिर दो दिन दिल्ली और लखनऊ में गाजियाबाद के विकास कार्यों पर चर्चा करते हुए नजर आते थे। इसके अलावा, सप्ताह के शेष तीन दिन वह गाजियाबाद में लोगों के बीच होते थे। उनके विकास की चिंता करते हुए हर कार्य को फॉलो अप करते थे। क्योंकि भारतीय सेना के शीर्ष पर जरनल रहे व्यक्ति ने राजनीति में भी वही सक्रियता दिखाई, जो एक खास नजीर है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देश के विकास को गाजियाबाद से दिखाने की पूरी चेष्टा करते हुए कहा कि इस जिले का नाम प्रदेश में साफ सफाई के मामले में पहले स्थान पर आता है। इसके लिए आप सभी बधाई के पात्र हैं। फिर उन्होंने कहा कि हिंडन एयर सर्विसेज अगले माह से शुरू हो जाएगी। साथ ही, रैपिड रेल के शुरू होने के साथ इसकी गिनती स्मार्ट सिटी में होने लगेगी जो एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसमूह से नारे लगवाए कि "उत्तर प्रदेश 74 पार, अबकी बार मोदी सरकार।'
जनसभा को पूर्व राज्यसभा सांसद अनिल अग्रवाल, उत्तर प्रदेश के राज्यमंत्री अतुल गर्ग, साहिबाबाद विधायक सुनील शर्मा, मुरादनगर विधायक अजीत पाल त्यागी, महापौर आशा शर्मा, लोकसभा प्रभारी अरुण वशिष्ठ, पूर्व सांसद रमेश चंद्र तोमर आदि ने भी सम्बोधित किया। इस अवसर पर पूर्व प्रदेश राज्यमंत्री बालेश्वर त्यागी, पूर्व विधायक राजपाल त्यागी, पूर्व विधायक प्रशांत चौधरी, अशोक अग्रवाल, चंद्र मोहन शर्मा, दिनेश गोयल, मयंक गोयल, हातम सिंह नागर, प्रदीप चौधरी, अश्वनी शर्मा, राजीव अग्रवाल, राजेश त्यागी, ब्रजपाल तेवतिया, निगम पार्षद मनोज गोयल, ठाकुर आशा नरेश भाटी समेत अनेक लोग मौजूद रहे। मंच संचालन भाजपा के महानगर अध्यक्ष मानसिंह गोस्वामी ने किया।