आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन को लेकर तीन नई शिकायतें दर्ज

#विभिन्न स्थानों से 1286.328 किलोग्राम मादक पदार्थ जब्त


#दो करोड़ 38 लाख 02 हजार 200 रुपये की अवैध नकदी जब्त 

 



दिल्ली।आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन को लेकर दिल्ली के मुख्य निर्वाचन कार्यालय की ओर से शुक्रवार को तीन नई शिकायतें दर्ज की गईं हैं। इनमें से एक शिकायत कांग्रेस पार्टी के खिलाफ और दो शिकायतें गैर-राजनीतिक दलों व अन्य लोगों के खिलाफ दर्ज की गईं है। इसके साथ ही शिकायतों की संख्या 142 हो गई है जिसमें आम आदमी पार्टी, भाजपा , बहुजन समाज पार्टी और एक समाजवादी पार्टी जैसे राजनीतिक दल भी शामिल हैं। 

 

इस संबंध में बृहस्पतिवार को जारी सीईओ की रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली पुलिस ने विभिन्न स्थानों से 1286.328 किलोग्राम मादक पदार्थ जब्त किए हैं। बिना लाइसेंस के 408 हथियार और 2534 कारतूस आदि भी जब्त किए जा चुके हैं।  जबकि 4406 लाइसेंसी हथियार जमा किए गए,  61431 व्यक्तियों पर सीआरपीसी व  दिल्ली पुलिस अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज किये गये हैं। शस्त्र अधिनियम के तहत 294 एफआईआर दर्ज की गई हैं जिसमें 334 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, वाहनों का दुरुपयोग, लाउडस्पीकर नियमों के उल्लंघन और अवैध बैठकें आयोजित करने को लेकर  25 मामले दर्ज किये गये हैं।  इसके साथ ही दो करोड़ 38 लाख 02 हजार 200 रुपये की अवैध नकदी भी जब्त की जा चुकी है। 

 

वहीं, आदर्श आचार संहिता के तहत राष्ट्रीय राजधानी से अब तक 296953 राजनीतिक होर्डिंग्स, बैनर व पोस्टर हटाए जा चुके हैं जिनमें नई दिल्ली नगरपालिका परिषद क्षेत्र से 30533, पूर्वी दिल्ली नगर निगम क्षेत्र से 43075,  दिल्ली छावनी बोर्ड क्षेत्र से 2411, दक्षिणी दिल्ली नगर निगम क्षेत्र से 120584 और उत्तरी दिल्ली नगर निगम क्षेत्र से 100350 प्रचार सामग्रियां शामिल हैं।