भवानीपटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओडिशा में तीव्र विकास लाने में केंद्र का सहयोग नहीं करने को लेकर नवीन पटनायक सरकार की मंगलवार को आलोचना की और कहा कि उन्होंने उड़िया लोगों के कल्याण के लिए केंद्रीय योजनाओं का सहारा लिया। मोदी ने ओडिशा के इस पश्चिमी शहर में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि ओडिशा सरकार ने हमारे साथ सहयोग नहीं किया। उसकी उदासीनता के बावजूद हमने राज्य में विकास परियोजनाएं शुरू करने में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास किया। उन्होंने कहा कि इस चौकीदार ने उड़िया लोगों का कल्याण सुनिश्चित करने के लिएकेंद्र की योजनाओं का सहारा लिया। उन्होंने दावा किया कि अगर 2014 के चुनाव के बाद ओडिशा में भाजपा ने सरकार बनाई होती तो राज्य में सभी क्षेत्रों में तीव्र विकास हुआ होता। केंद्र और राज्य में भाजपा की डबल-इंजन सरकार के लिए लोगों से वोट देने की अपील करते हुए मोदी ने कहा कि ओडिशा को 2017 में उत्तर प्रदेश और 2018 में त्रिपुरा द्वारा रचा गया इतिहास दोहराना चाहिए। अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने कहा कि राजग सरकार ने आठ लाख परिवारों के लिए पक्के मकान बनवाए, 24 लाख घरों में बिजली के कनेक्शन मुहैया कराए, 40 लाख माताओं और बहनों को गैस कनेक्शन दिए। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में हमने एक करोड़ 40 लाख लोगों के लिए बैंक खाते खोले, 50 लाख मकानों में शौचालय बनवाए, महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की।
अगर ओडिशा में भाजपा की सरकार होती तो तीव्रगति से विकास होताः मोदी