महानगर की नारकीय मनोदशा को बदलने में जुटे हुए हैं नगर आयुक्त सीपी सिंह











गाजियाबाद। नगर आयुक्त चन्द्र प्रकाश सिंह ने शुक्रवार को कविनगर, विजयनगर एवं सिटी जोन के विभिन्न क्षेत्रों की साफ-सफाई एवं कविनगर व विजयनगर जोन के ओडी प्वाईन्टों का निरीक्षण किया। सर्वप्रथम श्री सिंह ने  ठाकुरद्वारा से दुधेश्वरनाथ मन्दिर के सामने से होते हुए विजयनगर जोन को जाने वाले मार्ग की साफ-सफाई का निरीक्षण किया। 

इस दौरान नगर आयुक्त को मन्दिर के बाहर कुछ जगह गन्दगी व्याप्त मिली, जिसकी सफाई के लिये उन्होंने क्षेत्रीय सफाई निरीक्षक अशोक कुमार को दूरभाष पर निर्देशित किया कि तत्काल क्षेत्र की समुचित साफ-सफाई कराकर कूड़े का उठान भी करा लिया जाये। 

उसके बाद नगर आयुक्त द्वारा विजयनगर जोन के विभिन्न क्षेत्रों की साफ-सफाई का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के समय समस्त क्षेत्रों में सफाई का कार्य किया जा रहा था तथा ओडी प्वाईन्टों के निरीक्षण के समय कोई भी महिला/पुरूष खुले में शौच करते हुए नहीं पाये गये। 

सफाई व्यवस्था के निरीक्षण के समय न्यू विजयनगर सै-9 अन्तर्गत उत्सव भवन के पास तिरुपति मेडिकल स्टोर के मालिक द्वारा सड़क पर गन्दगी फैला कर रखी गई थी जिस पर नगर आयुक्त श्री सिंह के निर्देशों के क्रम में क्षेत्रीय सफाई निरीक्षक द्वारा सम्बन्धित मेडिकल स्टोर के मालिक से 5000/- रु का जुर्माना वसूलने हेतु नोटिस निर्गत किया गया।

ओडी प्वाईन्टों के निरीक्षण के समय विजयनगर जोन अन्तर्गत सै-9 स्थित उत्सव भवन के आस-पास खुले में शौच करने वालों को रोकने हेतु ओम प्रकाश, कर अधीक्षक की डयूटी लगायी गयी थी, परन्तु मौके पर कर अधीक्षक नहीं मिले। कर अधीक्षक से मोबाईल द्वारा सम्पर्क स्थापित करने का प्रयास किया गया, लेकिन  उनके द्वारा मोबाईल पिक नहीं किया गया। इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए नगर आयुक्त द्वारा ओम प्रकाश कर अधीक्षक (विजयनगर) का स्पष्टीकरण मांगा गया।  

कविनगर जोन अन्तर्गत विवेकानन्द नगर में जहां झुग्गी-झोपड़ी वाले रहते हैं, का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के समय कर्मचारी साफ-सफाई करते हुये पाये गये तथा कोई भी महिला/पुरूष खुले में शौच करते हुए नहीं पाया गया। उक्त क्षेत्र में नगर निगम द्वारा रखे बायोडस्टर का भी निरीक्षण किया गया जिसका स्थानीय नागरिकों द्वारा पूर्णरूप से प्रयोग किया जा रहा था। नगर आयुक्त द्वारा जोनल प्रभारी कविनगर व क्षेत्रीय सफाई निरीक्ष को निर्देशित किया गया कि उक्त बायोडस्टर की नियमित रूप से प्रतिदिन साफ-सफाई की जाये। 

कविनगर जोन अन्तर्गत चिरंजीव विहार रेलवे फाटक रोड का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के समय उक्त क्षेत्र में अत्याधिक गन्दगी व्याप्त थी तथा जगह-जगह कूडे के ढेर लगे थे। नगर आयुक्त द्वारा कड़ा रूख अपनाते हुए प्र. नगर स्वास्थ्य अधिकारी को दूरभाष पर निर्देशित किया गया कि सम्बन्धित क्षेत्रीय सफाई नायक  महेन्द्र पाल का तत्काल स्पष्टीकरण प्राप्त कर अधोहस्ताक्षरी के समक्ष प्रस्तुत किया जाये तथा क्षेत्र की अविलम्ब साफ-सफाई करा दी जाये। 

निरीक्षण के समय नगर आयुक्त चन्द्र प्रकाश सिंह के साथ अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार, जोनल प्रभारी विजयनगर हरिकिशन  गुप्ता, नरेन्द्र यादव विजयनगर, क्षेत्रीय अवर अभियन्ता (जल) अजय कुमार, क्षेत्रीय का. सफाई निरीक्षक, सुनील कुमार व उमेश प्रताप सिंह तथा क्षेत्रीय सफाई नायक उपस्थित रहे।