8 लाख से ज्यादा पौधे रोपकर बनाया रिकॉर्ड






                           # बच्चों की तरह करें पौधों का संरक्षण- जिलाधिकारी 

गाजियाबाद। भारत छोड़ो आंदोलन की 77वीं वर्षगांठ पर शुक्रवार को पूरे प्रदेश में वृहद स्तर पर पौधरोपण अभियान शुरू किया गया। इस मौके पर पूरे प्रदेश में आज 22 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे। इसी कड़ी में आज जनपद गाजियाबाद में पौधरोपण अभियान चलाया गया। 


अभियान के तहत जिला स्तर के अलावा ग्राम पंचायत, तहसील स्तर और विभिन्न विभागों ने पौधे लगाए। अभियान के दौरान नोडल अधिकारी सहित डीएम, सीडीओ व अन्य अधिकारियों ने विभिन्न स्थानों पर जनप्रतिनिधियों के साथ पौधरोपण किया। साथ ही लोगों से भी अधिक से अधिक पौधे लगाने की भी अपील की। 

डीएम ने लोगों से पौधे लगाने के साथ ही उनका संरक्षण अपने बच्चों की तरह करने का आह्वान किया।

एनडीआरएफ में आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि राज्यसभा सदस्य अनिल अग्रवाल ने कहा है कि इस अभियान में महिलाओं ने भी अपनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई है। यह एक ऐसा आयोजन है जिसमें हर किसी को प्रतिभाग कर अपनी भागीदारी निभानी चाहिए। 

विशिष्ट अतिथि व अभियान के नोडल अधिकारी प्रमुख सचिव देवेश चतुवेर्दी ने कहा कि पहले कहावत होती थी कि जान है तो जहान है लेकिन आज के वर्तमान हालात को देखकर अब कहा जाता है कि जहान हैं तो जान है। ऐसे में लोगों को अपनी जान बचाने के लिए जहान को भी बचाकर रखने की जिम्मेदारी उठानी चाहिए। 

डीएम अजय शंकर पाण्डेय ने कहा कि इस अभियान में उनकी अपील पर तीज उत्सव में महिलाओं ने जिस तरह से भागीदार निभाई है, वह महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह महिलाएं अपने बच्चों का पालन-पोषण संवदेनशीलता के साथ करती हैं उसी प्रकार पौधों का पालन भी  करें ताकि वह फल-फूल सकें। यह हमारी आने वाली पीढ़ी का भी भविष्य हैं। आज जनपद में इलेक्शन मोड में पौधरोपण अभियान का आयोजन किया गया। लक्ष्य के अनुरूप शाम तक जनपद में विभिन्न विभागों, एनजीओ के सहयोग से 8 लाख, 15 हजार 725 पौधे लगाए गए जिनकी जियो टैगिंग भी की जाएगी। 

एनडीआरएफ के कमाण्डेट पीके श्रीवास्वत ने कहा कि एनडीआरएफ परिसर में दो हजार पौधे लगाए गए हैं। जिनकी देखभाल की जिम्मेदारी भी वह पूरी निष्ठा से निभाएंगे। आज पूरे जनपद में हर तहसील स्तर, ग्राम पंचायत में पौधरोपण अभियान के तहत पौधे रोपे जा रहे हैं। 

इस दौरान सीडीओ रमेश रंजन, एसडीएम सदर आदित्य प्रजापति, परियोजना निदेशक पीएन दीक्षित, डीआईओएस रविदत्त कौशिक, एडीआईओएस ज्योति दीक्षित, डीएफओ दीक्षा भंडारी, सीएमओ डॉ. एनके गुप्ता, एनडीआरएफ से डिप्टी कमाण्डेट वैद्यराज मीणा, सीएमओ सीजे डॉ. जेके पाण्डे, आरआई राजकुमार, संध्या त्यागी, विनीता त्यागी, पार्षद राजेन्द्र तितौरिया, सौरभ जायसवाल आदि मौजूद रहे। मंच संचालन पूनम शर्मा ने किया।

               # डासना के कुशलिया में प्रमुख सचिव चिकित्सा देवेश चतुर्वेदी ने किया पौधरोपण

 

जनपद में पौधरोपण अभियान का शुभारम्भ डासना के कुशलिया गांव में अभियान के नोडल अधिकारी प्रदेश के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा प्रमुख सचिव देवेश चतुर्वेदी ने पौधा लगाकर किया। इसके साथ ही उन्होंने वहां वन विभाग की नर्सरी का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पौधारोपण अभियान के लिए नि:शुल्क पौधे उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों के अलावा स्थानीय महिलाओं ने भी अभियान में उत्साह से प्रतिभाग करते हुए पौधरोपण किया। इस दौरान डीएम अजय शंकर पाण्डेय, सीडीओ रमेश रंजन, डीएफओ दीक्षा भंडारी आदि मौजूद रहे।

               # नगर निगम ने लगाये 1 लाख 69 हजार से अधिक पौधे

 

नगर निगम की ओर से भी आज बड़े पैमाने पर पौधरोपण किया गया। यह अभियान पांच जोनों में अलग-अलग आयोजित किया गया। इसके  तहत एक लाख 69 हजार पौधे लगाए गए। महापौर आशा शर्मा, नगरायुक्त दिनेश चंद के नेतृत्व में दयानंद पार्क कविनगर में पौधरोपण किया गया। इसके अलावा साईं उपवन, इंदिरा प्रियदर्शनी पार्क, कैलाशवती स्कूल अर्थला, सब्जी मंडी वसुंधरा और मुख्य पार्क प्रताप विहार में पौधे लगाए गए।

 

                # कविनगर रामलीला मैदान में जीडीए ने लगाए पौधे

 

पौधरोपण अभियान के तहत जीडीए ने कविनगर रामलीला मैदान में पौधरोपण किया। मैदान में नोडल अभियान के प्रभारी प्रमुख सचिव देवेश चतुर्वेदी, डीएम अजय शंकर पाण्डे, जीडीए वीसी कंचन वर्मा, सीडीओ रमेश रंजन, मुरादनगर विधायक अजीत पाल त्यागी, एसडीएम आदित्य प्रजापित ने नीम के पौधे रोपे।

कार्यक्रम में मौजूद स्कूली छात्रों ने जीवन में पौधों के महत्व पर प्रकाश डाला व सभी से पौधा लगाने की अपील की। इसके अलावा जीडीए की ओर से विभिन्न स्थानों पर भी पौधरोपण किया गया। इस दौरान जीडीए सचिव संतोष राय, एसडीएम सदर आदित्य प्रजापति, चीफ इंजीनियर वीएन सिंह,एक्सईएन एके सिंह, ओएसडी वीके सिंह, सीएमओ डॉ. एनके गुप्ता, डीएमओ डॉ. ज्ञानेन्द्र मिश्रा, वन्दना चौधरी आदि मौजूद रहे।