दिल्ली सीलिंग: सीएम को चैलेंज कर फिर सील तोड़ने पहुंचे मनोज तिवारी

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी आज सीलिंग के विरोध में गोकलपुर गांव पहुंचे। उनके साथ हजारों की संख्या में स्थानीय निवासी एवं भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद थे। वह उस मकान पर जाना चाहते थे जिसको नाजायज तरीके से सील कर दिया गया था। पुलिस के भारी बंदोबस्त के बीच और निगम प्रशासन ने 100 मीटर पहले ही  मनोज तिवारी को रोक कर आश्वस्त किया कि वो पूरे मामले का समाधान दो दिन के अंदर निकाल देंगे और सील किए हुए मकान तक न जाने की अपील की। प्रशासनिक अधिकारियों के द्वारा इस बात के लिए भी आश्वस्त किया गया कि पूरे प्रकरण में गांव के लोगों को परेशान नहीं किया जाएगा। इस अवसर पर उपस्थित हजारों क्षेत्रीय निवासियो एवं भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए  मनोज तिवारी ने कहा कि माननीय उच्चतम न्यायालय की आड़ में हो रही इस पक्षपातपूर्ण कार्यवाही के विरोध का दायरा सिर्फ गोकल पुर गांव ही नहीं होगा, पूरी दिल्ली में जहां भी नाजायज तरीके से किसी गरीब का मकान सील किया जाएगा  मनोज तिवारी उसका विरोध करेंगे।  मनोज तिवारी ने कहा कि जिन गरीबों को अदालत की आड़ में परेशान किया जा रहा है, वह एक दुर्भाग्यपूर्ण कार्यवाही एवं भाजपा को बदनाम करने का षड्यंत्र है जिसे पार्टी के कार्यकर्ता गली-गली, घर-घर जाकर बेनकाब करेंगे। उन्होंने कहा कि हम गैर कानूनी सीलिंग और पिक एडं चूज की सीलिंग नीति के खिलाफ हैं और हम लॉ फुल दिल्ली चाहते हैं। अगर सीलिंग की कोई कार्रवाई करनी है तो सबसे पहले सरकारी जमीन पर जो अवैध निर्माण हैं उन पर होनी चाहिये और जिसकी शुरूआत यमुना तट से हो। श्री मनोज तिवारी ने कहा कि वो दिल्ली के लाखों गरीबों को भ्रष्टाचार की भेंट नहीं चढ़ने देंगे और चुन-चुन कर गरीबों के खिलाफ की जा रही इस कार्यवाही का विरोध करेंगे। उन्होंने कहा कि वह माननीय उच्चतम न्यायालय का सम्मान करते हैं और जो लोग भेदभावपूर्ण कार्रवाई कर संवैधानिक संस्था का अपमान कर रहे हैं उनके खिलाफ पोल-खोल अभियान का यह एक मुरव्य सचिव हिस्सा है। इस अवसर पर पूर्वी दिल्ली नगर निगम में स्थाई समिति के अध्यक्ष मास्टर सत्यपाल सिंह, जिला अध्यक्ष  कैलाश जैन, अजय महावर, पूर्वी दिल्ली नगर निगम के शाहदरा उत्तरी जोन के चेयरमैन  प्रमोद गुप्ता, जिला महामंत्री मास्टर विनोद, पूर्व स्थायी समिति के अध्यक्ष  प्रवेश शर्मा, युवा मोर्चा के प्रदेश प्रभारी मनोज त्यागी, पूर्व विधायक  जितेन्द्र महाजन, श्णजीत कश्यप, निगम पार्षद  निर्मला जाटव, युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष  प्रकाश रंजन, चै. अरविन्द नागर, भाजपा मीडिया विभाग के प्रदेश सह-प्रमुख श्री आनंद त्रिवेदी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं हजारों स्थानीय निवासी मौजूद रहे।