छठ पर्व को लेकर उत्तरी दिल्ली के महापौर ने कुदेशिया छठ घाट का दौरा किया

छठ पर्व के मद्देनजर उत्तरी दिल्ली के महापौर,आदेश गुप्ता ने आज कुदेशिया छठ घाट का दौरा किया। इस दौरान, उपायुक्रू रूचिका कत्याल,पूर्व निगम पार्षद सुमन गुप्ता और निगम के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।निरीक्षण के दौरान महापौर ने घाट की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और अधिकारियों को छठ पर्व से पहले घाट की साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। महापौर ने अधिकारियों को घाटों के आसपास धूल वाली जगहों पर पानी का छिड़काव कराने को भी कहा, ताकि धूल ना उड़े। महापौर ने निगम अधिकारियों को छठ व्रतधारियों को सभी संभव सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा है। घाटों पर मच्छररोधी दवाओं के छिड़काव के भी निर्देश दिए गए हैं।महापौर ने कहा कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम अपने क्षेत्र में छठ पर्व से संबंधित सभी संभव व्यवस्थाओं के इंतजाम को लेकर गंभीर है, ताकि व्रतधारियों को पूजा में कोई परेशानी ना हो।