रविवार को सांसद सह विदेश राज्य मंत्री छठ घाटों का निरीक्षण करेंगे

गाजियाबाद। पूर्वांचल के लोगों के महान पर्व छठ पूजा की तैयारियों को लेकर स्थानीय सांसद सह विदेश राज्य मंत्री जनरल वीके सिंह काफी गंभीर हैं। स्थानीय प्रशासन द्वारा इस बाबत की गई तैयारियों का जायजा वे रविवार को दोपहर के 12 बजे लेंगे। बता दें कि पिछले दिनों उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों की एक बैठक बुलवाकर लोक आस्था के छठ पर्व मनाने की तैयारियों के सख्त निर्देश भी दिए थे।तब दिए गए निर्देशों में छठ पूजा से पहले गंगाजल छोड़े जाने को लेकर भी कहा गया था कि दीपावली तक जल पहुंच जाएगा। इस संबंध में अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया है कि गंगाजल को 7 नवंबर को छोड़ दिया गया था जो कि आज संभवत: गाजियाबाद तक पहुंच जाएगा। इन्हीं सब तैयारियों का निरीक्षण करने हेतु जनरल वी के सिंह कल 11 नवंबर दिन रविवार को दोपहर 12:00 बजे से उन छठ घाटों का निरीक्षण कर प्रशासन द्वारा अब तक की गईं तैयारियों का जायजा लेंगे।  श्री सिंह ने विश्वास जताया है कि छठ पर्व पर व्रत धारियों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।