डॉ. हर्षवर्धन ने उत्तरी दिल्ली नगर निगम द्वारा निर्मित किशनगंज अधोगामी पुल जनता को समर्पित किया

केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने आज उत्तरी दिल्ली नगर निगम द्वारा निर्मित किशनगंज अधोगामी पुल (आरयूबी) के प्रथम चरण का उद्घाटन किया। इस दौरान उत्तरी दिल्ली के महापौर, श्री आदेश गुप्ता; उपमहापौर, श्री राजेश लावड़िया; स्थायी समिति अध्यक्ष, सुश्री विना विरमानी; नेता सदन, श्री तिलकराज कटारिया और निर्माण समिति के अध्यक्ष, श्री अलोक शर्मा; क्षेत्रीय पार्षद श्री जय प्रकाश समेत कई पार्षद; क्षेत्रीय उपायुक्त, सुश्री रूचिका कत्याल और निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। किशनगंज अधोगामी पुल (आरयूबी) को जनता को समर्पित करते हुए केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने केंद्र सरकार का धन्यवाद अदा किया, जिसके कारण यह प्रोजेक्ट पूरा हो सका। डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि यह उन परियोजनाओं में से एक है, जो उनके दिल के काफी करीब है।डॉ. हर्षवर्धन ने आगे कहा कि इस परियोजना के निर्माण में केंद्र सरकार के साथ-साथ विभिन्न एजेंसियों और स्थानीय लोगों ने भी सहयोग दिया और दुकानों, धार्मिक प्रतिष्ठानों के स्थानांतरण में मदद की।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर, श्री आदेश गुप्ता ने कहा कि किशनगंज परियोजना को पूरा होना उत्तरी दिल्ली नगर निगम के लिए एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस आरयूबी के बनने से लोगों को यातायात जाम से राहत मिलेगी, विशेषकर पश्चिमी दिल्ली से मध्य दिल्ली आने वालो को।महापौर ने कार्यक्रम में उपस्थित होने के लिए सभी महानुभावों का धन्यवाद अदा किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार लगातार निगम के काम-काज में बाधाएं खड़ी रही है। महापौर ने कहा कि दिल्ली सरकार को जनता की बेहतरी के लिए निगम का सहयोग करना चाहिए और द्वेष आदि की राजनीति से बचना चाहिए।   30 जून 2008 को शुरू हुई इस परियोजना के लिए 200 दुकानों, 02 ट्रांसफॉर्मर्स/सब स्टेशन और 05 धार्मिक स्थलों को वैकल्पिक स्थान देकर स्थानांतरित करना पड़ा।महापौर ने बताया कि किशनगंज आरयूबी परियोजना की कुल लागत 41.43 करोड़ रूपए है और इसे उत्तर रेलवे, दिल्ली जल बोर्ड, बीएसईएस, एनडीपीएल से सहयोग से बनाया गया है। इस परियोजना के कंस्ट्रक्शन में 27 माह का समय लगा। इसमें वाहनों के लिए एक आरसीसी बॉक्स, पंप हाउस और सीवर लाइन समेत कई सेवाएं हैं।