मुख्यमंत्री ने किसान दिवस के अवसर पर पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया

 जनप्रतिनिधि प्रशिक्षण केन्द्र एवं अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं का भी लोकार्पण एवं शिलान्यास किया


पूर्व प्रधानमंत्री स्व. सिंह के द्वारा किसानों के हितों को लेकर जो कार्यक्रम चलाए गए हैं, उन्हें आगे बढ़ाकर किसानों को खुशहाल बनाने का कार्य कर रही है सरकार:


निराश्रित पशुओं से किसानों के नुकसान को बचाने के लिये प्रत्येक नगरपालिका क्षेत्र में एक गौशाला का किया जा रहा है निर्माण, इस मद में 10-10 करोड़ रूपये किए गए हैं स्वीकृत


31 दिसम्बर तक समस्त गन्ना किसानों का शतप्रतिशत कराया जायेगा भुगतान, भुगतान न करने वाले चीनी मिलों के विरूद्व होगी कड़ी कार्यवाही







गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को स्व. चौधरी चरण सिंह की 116 वीं जयन्ती के अवसर पर ग्राम पताला विधान सभा मोदीनगर में उनकी प्रतिमा का अनावरण करने के बाद वहां स्थित आईटीआई कालेज के प्रांगण में उपस्थित अपार जनसमूह को सम्बोधित करते हुए कहा कि देश की समृद्वि का रास्ता गांव से, किसानों से, उनके खेत-खलिहान से होकर जाता है। 

किसानों की इस महती जनसभा में उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि किसानों के हित के लिए कार्य हो और उनकी आय को दुगना करने के प्रयास किये जाएं। इस दिशा में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सफलतापूर्वक कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि फसल बीमा योजना में 23 हजार करोड़ की राशि से बीमा कम्पनियों के द्वारा किसानों का फसल बीमा किया गया है। इसके अलावा, प्रदेश के 86 लाख किसानों का बैंक ऋण माफ किया गया है। 44 हजार करोड़ की राशि का किसानों का गन्ना भुगतान कराया गया है। 

इस अवसर पर योगी आदित्यनाथ ने मिल मालिकों से कहा है कि या तो बकाया गन्ना भुगतान को शीघ्र प्रदान करो, अन्यथा जेल जाने के लिए तैयार रहो। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश के किसानों की बिजली की विषमताओं को दूर किया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में 16 से 18 घन्टे विद्युत आपूर्ति की जा रही है। सौभाग्य योजना के अन्तर्गत 90 लाख परिवारों को विधुत कनेक्शन दिए गये हैं। डार्क जोन में ट्यूवैल कनेक्शन किये गये हैं। आज मुझे चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा जो कि 12 वर्षों से अनावरण की प्रतीक्षा में थी, का लोकार्पण करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। 

युवाओं को लुभाते हुए प्रदेश के 32 हजार युवाओं की भर्ती प्रक्रिया पूर्ण कर दी गयी है, जबकि 42 हजार युवाओं की भर्ती प्रक्रिया चल रही है। जो नौजवान भर्ती के योग्य होगा, उसका चयन पुलिस विभाग में किया जायेगा। 50 हजार युवाओं की भर्ती पुलिस विभाग में की जायेगी। 59 हजार शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया प्रारम्भ कर दी गयी है। उन्होंने दो टूक कहा कि जो अधिकारी भ्रष्टाचार करेगा या फिर युवाओं के साथ खिलवाड़ करेगा, उसकी नौकरी के साथ हम खिलवाड़ करेंगे। 

किसानों की समृद्धि की योजना के बारे में उन्होंने कहा कि किसानों के यहां इथनौल और वायोफ्यूल की फैक्टरियां लगेगी, जिससे धरती पुत्र को आर्थिक समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि किसी भी मजहब या सम्प्रदाय के व्यक्ति शान्ति पूर्वक पर्व मना सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष हमने कांवड़ यात्रा को सुगम किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अपराधियों को चेतावनी देता हूं कि या तो अपराध छोड़  दें या फिर जेल जाने के लिए तैयार रहें। उन्होंने कहा कि हमारी भारतीय संस्कृति शान्ति एवं सद्भाव का सन्देश  देती है। पतला नगर पंचायत को पंडित दीनदयाल उपाध्याय आदर्श पंचायत के रूप में विकसित करें। 


उन्होंने कहा कि 168 करोड़ रूपए से बनाया जाने वाला प्रतिनिधि प्रशिक्षण केन्द्र समय बद्वता में पूर्ण किया जायेगा। उन्होंने यह भी कहा कि स्वच्छता में गाजियाबाद ने अच्छी प्रगति की है। पार्षद से लेकर सांसद तक के सहयोग पूर्ण व्यवहार के द्वारा यह जनपद उन्नति के पथ पर अग्रसर है। ग्राम प्रधानों को प्रशिक्षण दिया जाये और लोक शिविर कायतों का त्वरित निस्तारण किया जाये। जनपद गाजियाबाद में बन रहे कैलाश मानसरोवर की प्रगति संतोषजनक है। अगले वर्ष हम इसे जनता को समर्पित कर देंगे। चौधरी चरण सिंह ने देश के मुख्यमंत्री रहते हुए और प्रधानमंत्री रहते हुए किसानों के हित के लिए जो कार्यक्रम चलाए, हमें उन्हें आगे बढ़ाते रहना है। 

कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्जवलन कर व तुलसी पौधा उपहार में देकर किया गया। केन्द्रीय मानव संसाधन राज्यमंत्री सत्यपाल सिंह, केन्द्रीय विदेश राज्यमंत्री वी के सिंह, केन्द्रीय कृषि राज्यमंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना, विधायक मोदीनगर मंजू सिवाच, विधायक मुरादनगर अजीतपाल त्यागी, विधायक लोनी नन्द किशोर गुर्जर, जिलाधिकारी रितु माहेश्वरी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उपेंद्र अग्रवाल, मुख्य विकास अधिकारी रमेश रंजन, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व एवं सभी प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। मंच संचालन पूनम शर्मा द्वारा किया गया।