निगमायुक्त ने शीर्ष अधिकारी के साथ बैठक में निगम की आय बढ़ाने के उपायों पर चर्चा की

पूर्वी दिल्ली नगर निगम की आयुक्त, डॉ. दिलराज कौर ने आज उद्योग सदन, पटपड़गंज स्थित निगम मुख्यालय में अपर आयुक्त और क्षेत्रीय उपायुक्तों समेत सभी विभागाध्यक्षों के साथ बैठक की। इस दौरान निगमायुक्त ने पूर्वी दिल्ली नगर निगम को आर्थिक संकट से उबारने को लेकर विभिन्न उपायों पर गहन चर्चा की।बैठक के दौरान निगमायुक्त डॉ. कौर ने विभागाध्यक्षों से संपत्ति कर, लाभकारी परियोजना, भूमि एवं सम्पदा और विज्ञापन जैसे प्रमुख विभागों की योजनाओं की जानकारी ली और निगम द्वारा राजस्व वृद्धि के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की। डॉ. कौर ने अधिकारियों से पूर्वी दिल्ली नगर निगम के क्षेत्र में आने वाली प्रमुख व्यावसायिक संपत्तियों और निगम को उनके देनदारियों की सूची पेश करने को कहा है।  बैठक के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने  डॉ. कौर को निगम की आय बढ़ाने के प्रयासों में आ रही चुनौतियों से भी अवगत कराया।


बैठक के दौरान निगमायुक्त डॉ. कौर ने कहा कि पूर्वी दिल्ली नगर निगम के आय स्रोतों में वृद्धि  करना उनकी प्राथमिकता है। डॉ. कौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे ऐसे क्षेत्रों की पहचान करें जिनसे निगम की आय में वृद्धि की जा सकती है और उनके समुचित दोहन की दिशा में गंभीरता से प्रयास करें।