आयातित शिक्षा, संस्कृति व खानपान से बर्बाद हो रही भावी पीढ़ी: दिनेश उपाध्याय
नेता जी सुभाष चंद्र बोस के सपनों का भारत बनाएगी भाजपा: मनोज गोयल

 नेता जी के नक्शेकदम पर चल कर ही समसामयिक जटिल परिस्थितियों का मुकाबला सम्भव: वीरेश नागर

 वैशाली सेक्टर 5 जीडीए मार्किट में हुआ निःशुल्क स्वास्थ्य जांच कैम्प का आयोजन












गाजियाबाद। वरिष्ठ संघ कार्यकर्ता और आयुष मंत्रालय से जुड़े डॉ दिनेश उपाध्याय ने आयातित शिक्षा, संस्कृति और खानपान पर तंज कसते हुए कहा कि नए भारत का निर्माण समसामयिक दुष्प्रवृत्तियों पर नकेल कसे बिना सम्भव नहीं है। डॉ उपाध्याय वैशाली सेक्टर पांच स्थित जीडीए मार्किट सभागार में नवनिर्माण भारत की ओर से आयोजित और हीलिंग ट्री हॉस्पिटल के सौजन्य से प्रायोजित नेता जी सुभाषचन्द्र बोस स्मृति समारोह सह निःशुल्क स्वास्थ्य जांच कैम्प का उद्घाटन करने के बाद उपस्थित गणमान्य लोगों के समक्ष अपने विचार व्यक्त कर रहे थे।

 

डॉ उपाध्याय ने झूठ बोलने और अधिक बोलने की प्रवृति को भारत के भविष्य के लिए खतरनाक बताते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर गहरा कटाक्ष किया। साथ ही, लगभग 50 वर्ष के लोगों को भी युवा बताने की बढ़ती कांग्रेसी प्रवृति का लाभ उठाते हुए नवनिर्माण भारत का विस्तार करने का भी सुझाव दिया। उन्होंने प्राचीन भारतीय शिक्षा, संस्कृति और खानपान का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए पाश्चात्य परिवेश से बचने की नसीहत दी। उन्होंने चीन के खतरनाक इरादों से भी देश की रक्षा करने का सुझाव युवाओं को दिया और कहा कि नेता जी सुभाष चन्द्र बोस के नक्शेकदम पर चल कर ही देश की रक्षा की जा सकती है।

 

इस मौके पर कौशाम्बी के बीजेपी पार्षद मनोज गोयल ने कहा कि नेता जी सुभाष चन्द्र बोस के सपनों का भारत भाजपा ही बनायेगी। उनकी स्मृति को संजोए रखने के लिए उनकी पार्टी ने कई दूरगामी कदम उठाएं हैं, जिस पर हमें गर्व है। उन्होंने कहा कि 'तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा' और 'दिल्ली चलो' जैसा सफल नारा देने वाले और 'आजाद हिंद फौज' का गठन करने वाले नेताजी युवाओं के धड़कन थे, हैं और रहेंगे। 

 

इस अवसर पर नवनिर्माण भारत, यूपी के युवा प्रदेश अध्यक्ष वीरेश नागर ने कहा कि नेता जी सुभाष चंद्र बोस के नक्शेकदम पर चलकर ही हमलोग समसामयिक भारत की जटिल सियासी परिस्थितियों का मुंहतोड़ जवाब दे सकते हैं। उनके वैश्विक सम्बन्ध, भारतीय दर्शन, सामाजिक समझ और व्यक्तिगत इरादों का समूचा देश कायल था, है और रहेगा। 

 

इस अवसर पर नवनिर्माण भारत के दिल्ली प्रदेश के महासचिव लक्ष्मण सिंह, पूर्व निगम पार्षद पंचम चौधरी,  निगम पार्षद प्रत्याशी मुकेश नगर, बीजेपी नेता लोकेश चौधरी, विक्रम भाटी, विशेष नागर, अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के जिलाध्यक्ष व प्रदेश प्रवक्ता मास्टर मनोज नागर, हरि नागर, रविन्द्र मावी, अनिल नागर,  विनायक मनवानी, अंश पंडित आदि गणमान्य लोग उपस्थित थे।  हीलिंग ट्री हॉस्पिटल, शक्तिखण्ड-1, इंदिरापुरम के संयोजकत्व में लगाए गए इस कैम्प में बीपी, सुगर, ईसीजी, बीएमडी, डेंटल आदि की निःशुल्क जांच गई।