फ्रांस की कंपनी खरीदेगी प्रभात डेयरी, 1700 करोड़ रुपये में होगी डील

 नई दिल्ली। फ्रांस की डेयरी ग्रुप लैक्टेलिस मुंबई स्थित प्रभात डेयरी को खरीदेगी। यह भारत में लैक्टेलिस का तीसरा अधिग्रहण होगा। प्रभात डेयरी ने लैक्टेलिस ग्रुप की भारतीय सब्सिडियरी तिरुमला मिल्क प्रोडक्ट्स के साथ एग्रीमेंट कर लिया है। प्रभात डेयरी ने सोमवार को स्टॉक एक्सचेंज को जानकारी देते हुए बताया कि लैक्टेलिस ग्रुप ने तिरुमला मिल्क प्रोडक्ट्स का 1700 करोड़ रुपये में अधिग्रहण किया है। हालांकि, कंपनी की ओर से इस डील के पूरे होने को लेकर कोई समय सीमा नहीं बताई गई है। लेकिन बाजार के जानकारों का मानना है कि यह डील अगले छह महीने में पूरी  कर ली जाएगी। सोमवार को शेयर बाजार के बंद होने के समय प्रभात के एक शेयर की कीमत 93.05 रुपये थी, जबकि प्रभात का बाजार पूंजीकरण 909 करोड़ रुपये का था। कोटक महिंद्रा कैपिटल कंपनी इस डील की मुख्य वित्तीय सलाहकार थी। जबकि वेरिटास इस डील की लीगल एडवाइजर के तौर पर सामने आई थी। कंपनी ने बताया कि वह अपनी सब्सिडियरी सनफेश एग्रो इंडस्ट्रीज को भी बेच रही है। प्रभात इस डील के बाद अपना अगला फोकस पशु क्षेत्र और पशु आनुवंशिकी व्यवसाय पर केंद्रित करेगी। पशु पोषण व्यवसाय में प्रवेश करने की योजना से प्रभात ने इस महीने के शुरुआत में डेनमार्क स्थित डीएलजी ग्रुप से टाई अप किया था। बाजार के जानकार बताते हैं। कि कंपनी पिछले कुछ समय से अपने डेयरी कारोबार को बंद करना चाह रही थी। बता दें कि प्रभात डेयरी 20 साल पुरानी फर्म है। साल 1998 से यह कारोबार कर रही है।