सांसद और महापौर ने ‘गिरी चौपाल’ में सुनीं जनता की समस्याएं

पूर्वी दिल्ली के सांसद श्री महेश गिरी और महापौर श्री बिपिन बिहारी सिंह ने आज पटपड़ंगज में आयोजित ‘गिरी चौपाल’ में आम जनता की समस्याएं सुनी और संबंधित अधिकारियों को उनके समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान निगम पार्षद सुश्री शशि चांदना भी मौजूद रहीं।


‘गिरी चैपाल’ में मुख्य रूप से पूर्वी दिल्ली नगर निगम, पी.डब्ल्यू.डी., बी.एस.ई.एस., डी.डी.ए., दिल्ली पुलिस और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। चौपाल में स्थानीय नागरिकों, आर.डब्लू.ए. पदाधिकारियों तथा अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने अपनी तथा क्षेत्र की समस्याओं को सांसद और महापौर के सामने रखा। महापौर ने चौपाल में मौजूद संबंधित विभाग के अधिकारियों को लोगों की समस्याओं के यथाशीघ्र समाधान के निर्देश दिए।इस अवसर पर सांसद, श्री महेश गिरी ने बताया कि अब तक 48 ‘गिरी चौपालों’ का आयोजन किया जा चुका है और ये चौपालें स्थानीय लोगों और अधिकारियों के बीच एक अहम प्लेटफॉर्म का कार्य कर रही हैं। इनके माध्यम से आसानी से आम लोगों की समस्याओं का समाधान हो रहा है।महापौर श्री बिपिन बिहारी सिंह ने बताया कि सांसद श्री महेश गिरी पूर्वी दिल्ली के विकास को लेकर निरंतर प्रयत्नशील हैं। उन्होंने अपनी सांसद निधि से अनेक ऐसे कार्य करवाए है जिन्हें करवाने की पूरी जिम्मेदारी दिल्ली सरकार की थी। महापौर ने कहा कि दिल्ली सरकार निगम को फंड ना देकर विकास कार्यों  में रोड़ा अटका रही है। महापौर ने बताया कि सांसद गिरी द्वारा पूर्वी दिल्ली में लगभग सभी पार्को में ओपन एयर जिम लगाए गए, लाईटों की व्यवस्था दुरूस्त की गई और हाल में पूर्वी दिल्ली नगर निगम को कूड़ा उठाने हेतु 100 ई-रिक्शा खरीदने के लिए भी फंड दे रहे हैं।