ईमानदारी से कोशिश हो,तो लोजपा के 60 से ज्यादा सांसद सदन में बैठेंगे-चिराग
रांची।लोजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के दूसरे दिन आज पार्टी के संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष और जमुई के सांसद चिराग पासवान ने पार्टी के पदाधिकारियों की हौसला अफजाई करते हुए कहा कि पार्टी आज काफी मजबूत स्थिति में है और हमें इसे और भी आगे ले जाना है। उन्होंने कहा कि अगर ईमानदारी से प्रयास किया जाए तो आने वाले समय में 60 से ज्यादा सांसद सदन में बैठेंगे। चिराग ने पार्टी के पदाधिकारियों को सेल्फी नेताओं से बचने की सलाह दी। पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आने वाले लोकसभा चुनाव में पूरी दम खम के साथ अपनी ताकत दिखाते हुए एनडीए की जीत दर्ज करानी है और 2014 से भी ज्यादा सीटों पर जीत दर्ज करा कर  नरेंद्र मोदी को दुबारा प्रधानमंत्री बनना है। चिराग पासवान ने कहा कि पौने पांच साल में एलजेपी-बीजेपी की संयुक्त गठबंधन वाली मोदी सरकार की योजनाओं से एनडीए के प्रति जनता का विश्वास बढ़ा है। पासवान ने कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव के बाद हर क्षेत्र में लोक जनशक्ति पार्टी का डंका बजेगा। पंचायत का चुनाव हो, या विधानसभा का चुनाव सभी प्रकार के चुनाव में पार्टी भाग लेगी। 

झारखंड में लोकसभा  चुनाव के बारे में कहा कि बिरेन्द्र प्रधान के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद से पार्टी का संगठन काफी तेजी से बढ़ा है और पार्टी की इच्छा है कि झारखंड और उत्तरप्रदेश में भी पार्टी चुनाव लड़े। इस प्रस्ताव को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के समक्ष रखा गया है जल्द हीं इस पर निर्णय लिया जाएगा। 

चिराग पासवान ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामविलास पासवान का सक्रिय राजनीति का 50 वर्षों का सफर पूरा होने वाला है। अपने 50 साल के राजनीतिक कैरियर में दो बार उनका नाम गिनीज बुक में दर्ज किया गया।  राष्ट्रीय अध्यक्ष के बारे बोलते हुए उन्होंने कहा कि अगर वाकई में कोई बाबा साहेब के आदर्शों को मानने वाले हैं तो वे रामविलास पासवान हैं ।   रामविलास पासवान ने ही बाबा साहेब को भारतरत्न दिलाने का काम किया। बाबा साहेब के जन्मदिवस पर छुट्टी की शुरुआत भी राष्ट्रीय अध्यक्ष ने हीं करवाई।  

गौरतलब है कि लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारिणी का आयोजन 16 एवं 17 फरवरी को किया गया था। परंतु पुलवामा में हुए घटना को लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष रामविलास पासवान के निर्देशानुसार पार्टी ने पहले दिन का सारा कार्यक्रम स्थगित करते हुए सिर्फ शोक सभा का आयोजन किया गया जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामविलास पासवान शामिल हुए।  आज के सत्र के अंतिम दिन राष्ट्रीय कार्यकारिणी को राष्ट्रीय महासचिव अब्दुल खालिक एवं दलित सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह पार्टी के उपाध्यक्ष एवं सांसद रामचन्द्र पासवान ने किया। प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी के सभी राष्ट्रीय पदाधिकारियों धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की धरती पर आने एवं स्वागत का मौका देने के लिए धन्यवाद दिया। 

संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष चिराग पासवान, सांसद रामचंद्र पासवान, बिहार सरकार में मंत्री पशुपति कुमार पारस, राष्ट्रीय महासचिव अब्दुल खालिक, एक्स एमपी काली प्रसाद पांडेय, बिहार के विधायक राजू तिवारी, राजकुमार शाह, एक्स एमएलसी हुलास पांडेय, एमएलसी बिहार नूतन सिंह, सुनील पांडेय झारखंड प्रदेश अध्यक्ष बिरेन्द्र प्रधान समेत पूरे देश के विभिन्न राज्यों से पार्टी एवं दलित सेना के प्रदेश अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय पदाधिकारीगण एवं प्रदेश के सारे पदाधिकारी गण शामिल हुए।