घर-घर जाकर झंडे व स्टीकर लगा रहे हैं बीजेपी नेता-कार्यकर्ता







गाजियाबाद। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के द्वारा गुजरात के गांधी नगर में ‘मेरा परिवार भाजपा परिवार' चुनावी अभियान की शुरुआत के साथ ही देश के सभी बूथों की तरह गाजियाबाद महानगर भाजपा के कार्यकर्ताओं ने भी बूथ अध्यक्ष व शीर्ष नेतृत्व की अगुवाई मेंं इस अभियान के तहत चुनावी बिगुल फूंका। इस दौरान गाजियाबाद महानगर अध्यक्ष मानसिंह गोस्वामी व क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजेय कुमार के साझा नेतृत्व मेंं घर घर जाकर झंडे और स्टीकर लगाए गए तथा जनता से 2019 के लिए फिर एक बार मोदी सरकार लाने के लिए अपील की गई। 

 

इस चुनावी अभियान में बीजेपी के सभी नेताओं ने अपने-अपने बूथ पर मतदाताओं के साथ चाय पीकर उनसे केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा की। जिसका नजारा 240 नंबर बूथ पर बूथ अध्यक्ष मोहनसिंह रावत के निवास पहुंचे संगठन के लोगों के साथ देखने को मिला। जिसमें सबसे पहले संगठन महामंत्री अजेय कुमार के द्वारा बूथ अध्यक्ष के निवास पर झंडा लगाया गया। उसके बाद उनकी गली के घरों पर स्टीकर लगाकर क्षेत्र वासियों से फिर एक बार मोदी सरकार की अपील की गई। यह अभियान 12 फरवरी से 22 फरवरी तक शहर के 2006 बूथों पर घर घर चलाया जाएगा।

 

इस अवसर पर अजेय कुमार ने कहा कि देशभर में 5 करोड़ से ज्यादा कार्यकर्त्ता अपने घर पर भाजपा का झंडा फहरा कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना समर्थन देते हुए घर घर जाकर फिर एक बार मोदी सरकार के अलख रूपी सुनामी से अन्य दलों का सफाया करने का काम करेंगे। क्षेत्रीय महामंत्री अशोक मोंगा ने बताया कि इस बार हम घर घर जाकर नए मतदातओं से संपर्क करेंगे। साथ ही सभी परिवारों से सम्पर्क करके पुनः मोदी को देश की बागडोर सौंपने की अपील कर रहे हैं। हमें भरपूर जन समर्थन भी मिल रहा है। 

 

इस मौके पर  मानसिंह गोस्वामी ने बताया कि संगठन के सभी आयामों के दौरान जनता के बीच हमारे लगातार सम्पर्क से जनता हमें बार बार संदेश दे रही है कि फिर इस बार, होगी मोदी सरकार। इस अवसर पर महानगर उपाध्यक्ष वेद प्रकाश गर्ग, मीडिया प्रभारी प्रदीप चौधरी, मोहन सिंह रावत, सुदेश कश्यप, अजय चौधरी, प्रमोद रावत, आर.डी. शर्मा, रामेश्वर यादव, मनोज गिरी आदि उपस्थित रहे।