नवनियुक्त नगर आयुक्त दिनेश चंद ने अपना पदभार ग्रहण किया






गाजियाबाद। नगर निगम के नवनियुक्त नगर आयुक्त दिनेश चंद्र ने सोमवार को गाजियाबाद पहुंचकर अपना पदभार ग्रहण कर लिया। श्री चन्द्र इससे पहले अलीगढ़ के मुख्य विकास अधिकारी थे। आज वह सड़क मार्ग से गाजियाबाद पहुंचे। जहां नगर निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों ने उनका अनौपचारिक स्वागत किया। फिर वह नगर आयुक्त के सरकारी आवास पर पहुंचे और वहीं पर निवर्तमान नगर आयुक्त चन्द्र प्रकाश सिंह से  ग़ाज़ियाबाद नगर निगम के नगर आयुक्त का पदभार ग्रहण किया। 
 

बता दें कि पूर्व नगर आयुक्त चंद्र प्रकाश सिंह को गत दिनों कासगंज का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। हाल ही में उन्हें पदोन्नति प्रदान करके आईएएस बनाया गया था। यही वजह है कि आज उन्होंने गाजियाबाद नगर निगम का पदभार छोड़ दिया और कासगंज के लिए रवाना हो गए। उससे पहले उन्होंने सारा प्रभार नवनियुक्त नगर आयुक्त दिनेश चंद्र को सुपुर्द कर दिया। 

 

इस मौके पर श्री चन्द्र ने बताया कि सबको साथ लेकर चलना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। फिर भी जनसेवा को सर्वोच्च वरीयता दूंगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम के क्षेत्र में आने वाले लोगों की सही वक्त पर समुचित सेवा होती रहे, इस ओर अधीनस्थ तंत्र का उपयोग करने को पूरी वरीयता प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि यदि किसी को भी कोई दिक्कत हो तो वह मेरे संज्ञान में सम्बन्धित विषय ला सकता है। उन्होंने स्वीकार किया कि कूड़ा डंप करना उनकी सबसे बड़ी चुनौती है, फिर भी सबके हितों का खयाल रखते हुए उचित निर्णय करना उनकी सबसे पहली प्राथमिकता होगी।

 

उन्होंने आगे बताया कि विकास को गति देने और शहर को स्वच्छ बनाये रखने की वो पूरी कोशिश करेंगे। वेस्ट मैनेजमेंट पालिसी को लागू करेंगे और 100 क्यूसेक गंगाजल मोहननगर के जरूरतमंद लोगों तक पहुंचे, इसके लिए पूरी कोशिश करेंगे। उन्होंने महापौर और पार्षदों को भी साथ लेकर चलने का भरोसा दिया। साथ ही कहा कि सबके सहयोग से ही नगर निगम क्षेत्र का विकास होगा, इसलिए सबका साथ चाहिए, तभी सबका न्यायोचित विकास कर पाएंगे।