सैनिकों के एक एक बूंद खून का हिसाब लेगी मोदी सरकार: महेंद्र पांडे







गाजियाबाद। भारतीय सीआरपीएफ जवानों पर हुए हमले के विरोध में जिला महानगर भाजपा अध्यक्ष मानसिंह गोस्वामी के नेतृत्व में सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने आतंकवाद व पाकिस्तान का पुरजोर विरोध प्रदर्शन किया और आतंकवाद के सम्पूर्ण खात्मे का संकल्प लिया। यह कार्यक्रम नवयुग मार्केट स्थित शहीद स्मारक पर सम्पन्न हुआ जहां वीर जवानों को श्रद्धांजलि दी गई और पुष्पांजलि अर्पित की गई।

 

इस अवसर पर भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि की गई। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पाण्डेय भी इस मौके पर उपस्थिति रहे। इस दौरान भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं द्वारा पाकिस्तान व आतंकवाद के विरूद्ध अपने विचार प्रस्तुत किए और जमकर नारेबाजी की। 

 

इस मौके पर भाजपा के यूपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडे ने कहा कि धोखे से किए गए इस हमले में हमने अपने देश के सच्चे सपूतों को खो दिया है, लेकिन अब केंद्र सरकार आतंकवाद का सफाया करके ही दम लेगी। उन्होंने आतंकवादियों को चेताते हुए कहा कि अब वह अपने अंतिम दिनों को गिन लें। उन्होंने पड़ोसी देश को चेतावनी देते हुए कहा कि इस प्रकार के कायरता पूर्ण हमले से भारत डरने वाला नहीं है, बल्कि अबका भारत चुन चुन कर अपना बदल चुकाएगा। इस सम्बन्ध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा आतंकवाद के खिलाफ आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं, जिसके परिणाम बहुत जल्द ही सामने आएगा। अब सैनिकों के खून के एक-एक बूंद का हिसाब चुकता किया जाएगा। 

 

इस अवसर पर महापौर आशा शर्मा ने कहा कि वे कायर पीठ पीछे ही वार कर सकते हैं, लेकिन सामने आने का हौंसला उनमें अब नहीं बचा है। अब तो हद हो गई। इसलिए अब बहुत ही जल्द पाकिस्तान मेंं भी केण्डिल मार्च होगा। 

 

इस मौके पर मानसिंह गोस्वामी ने बताया कि भाजपा आतंकवादी हमले की घोर निंदा करती है। आज पूरा देश शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि दे रहा है और पाकिस्तान के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहा है। इसलिए जनमानस की भावनाओं को देखते हुए केंद्र की सरकार द्वारा इस हमले के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। 

 

इस अवसर पर राज्य मंत्री अतुल गर्ग ने कहा कि आज सभी भारतवासी इन शहीद सैनिकों को नमन करते हुए शहीद सैनिकों के परिवारों और भारतीय सेना के साथ पूरा देश खड़ा है।

 

इस अवसर पर क्षेत्रीय महामंत्री संगठन अजेय कुमार, मुंशी लाल गौतम, मोहित बेनीवाल, महानगर अध्यक्ष मान सिंह गोस्वामी, जिलाध्यक्ष बसंत त्यागी, राज्यसभा सांसद अनिल अग्रवाल, प्रदेश में खाद्य एवं रसद मंत्री अतुल गर्ग, महापौर आशा शर्मा, विधायक नन्द किशोर गूर्जर, लोकसभा संयोजक अशोक गोयल, पूर्व महापौर आशु वर्मा, सुनीता दयाल, रंजीता धामा, रीना भाटी, कृष्ण वीर सिरोही, चंद्र मोहन शर्मा, बलदेव राज शर्मा, संजीव शर्मा, राजीव शर्मा ने भी संबोधित किया। मंच संचालन राजेश त्यागी व राजीव अग्रवाल ने किया। इस मौके पर मीडिया प्रभारी प्रदीप चौधरी  और क्षेत्रीय मीडिया संयोजक अश्वनी शर्मा आदि उपस्थित रहे।