शहीद स्मारक मेट्रो स्टेशन बनाने के पक्ष में जनजागरूकता रैली 10 फरवरी को







गाजियाबाद। शहर के अमर शहीदों की स्मृतियों को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए शहीद स्मारक चौक पर बने 'नया बस अड्डा मेट्रो स्टेशन' का नाम बदलकर 'शहीद स्मारक मेट्रो स्टेशन' रखे जाने की मुहिम में महानगर की सामाजिक संस्थाएं भी अब मुखर होकर सामने आ रही हैं। इसी सिलसिले में आर.डी.सी. स्थित शिवम टॉवर में सामाजिक संस्था 'संयोजन-एक सार्थक प्रयास' द्वारा एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। जिसको सम्बोधित करते हुये संस्था के सदस्यों ने कहा कि जो कुछ भी घटित हो रहा है, उसका हमलोग विरोध करेंगे और शहरवासियों को इस ज्वलंत मसले पर जागरूक भी करेंगे।

 

संस्था के सदस्य संजय कुशवाहा ने कहा कि संयोजन-एक सार्थक प्रयास, समाज के सभी वर्गों के शिक्षित, प्रबुद्ध और जागृत युवाओं का संगठन है, जिसका उद्देश्य समाजिक एवं राष्ट्रीय महत्व के विषयों पर सार्थक प्रयास करके समाज एवं राष्ट्र के हित सुरक्षित करना है।

 

इस मौके पर संस्था के विपिन त्यागी ने बताया कि गाजियाबाद में प्रशासन द्वारा 1857 के अमर शहीदों की स्मृति में बने स्मारक को शहर से दूर स्थानान्तरित करके शहर गाजियाबाद के साथ छल और अमर शहीदों का अपमान किया गया है। लिहाजा, उसका प्रतिकार संयोजन-एक सार्थक प्रयास द्वारा किया जायेगा। उन्होंने कहा कि अब उक्त स्थान पर बने हुए मैट्रो स्टेशन का नाम 'शहीद स्मारक' के स्थान पर 'नया बस अड्डा' रखने का पुरज़ोर विरोध किया जायेगा।

 

संस्था के सदस्य तौशिक कर्दम ने कहा कि नया बस अड्डा मैट्रो स्टेशन नामकरण के विरोध में सर्वप्रथम आगामी रविवार 10 फरवरी को नवयुग मार्केट स्थित शहीद स्मृति स्थल से प्रात: 11 बजे एक जन जागरूकता रैली निकाली जायेगी, जो मुख्य बाज़ारों से होती हुयी दुर्गा भाभी चौक पर समाप्त होगी। इसमें शहर के सैंकड़ों जागरूक नागरिक सहभागी होंगे। उन्होंने मीडिया के माध्य्म से शहर की जनता का आह्वान किया कि इस अपमान का अपनी शक्ति से प्रतिकार करें और हमारे आगामी आंदोलनों से जुड़ें।