कूड़ा उठाने हेतु पूर्वी दिल्ली नगर निगम को सांसद निधि से मिले 100 ई रिक्शा

पू्र्वी दिल्ली के सांसद महेश गिरी ने आज पूर्वी दिल्ली नगर निगम के मुख्यालय में ओपन एयर जिम ’का उद्घाटन किया, कचरा उठाने के लिए सांसद निधि से 100 ई-रिक्शा को हरी झंडी दिखाई और “ एक सांसद-एक विचार ”योजना के 8 विजेताओं को सम्मानित किया। इस अवसर पर पूर्वी दिल्ली के महापौर बिपिन बिहारी सिंह, उपमहापौर, सुश्री किरण वैध, स्थायी समिति के अध्यक्ष,सत्यपाल सिंह, नेता सदन निर्मल जैन और कई पार्षद भी उपस्थित थे।


श्री महेश गिरी ने कहा की घर-घर कूड़ा उठाने हेतु पूर्वी दिल्ली नगर निगम के ट्रिपर तंग गलियों में भी नही जा पाते है। इस समस्या के समाधान हेतु सांसद निधि से निगम द्वारा 2.22 करोड़ रूपये की लागत से ई रिक्शा खरीदे गए है। 


श्री महेश गिरी ने कहा की निगम वर्तमान में खराब वित्तीय स्थिति से जूझ रहा है। ई रिक्शा की मदद से निगम की सफाई व्यवस्था में तो सुधार आएगा। उन्होंने कहा कि अब निगम इन ई रिक्शा का प्रयोग से तंग गलियों से भी कूड़ा बेहतर रूप से साफकर सकेगा।


 इस के साथ ही निगम मुख्यालय में एक अन्य समारोह में सांसद श्री महेश गिरी ने एक सांसद-एक विचार प्रतियोगिता के प्रथम,द्वितीय व तृतीय स्थान पर आए विजेताओं सहित 5 प्रतियोगियों को पुरस्कार का वितरण किए। श्री महेश गिरी ने कहा की इस प्रतिस्पर्धा के तहत शिक्षा और कौशल, स्वास्थ्य जल और स्वच्छता, आवास, पर्यावरण, सामुदायिक एवं सामाजिक सेवाओं आदि के क्षेत्र में सुझाव व समाधान आमंत्रित किए गए थे। इस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पाने वाले को एक लाख, द्वितीय स्थान वाले को 75,000 व तृतीय स्थान वाले को 50,000 रूपये पुरस्कार के रूप में दिए गए।


पूर्वी दिल्ली के महापौर, श्री बिपिन बिहारी सिंह ने कहा कि सांसद, श्री महेश गिरी ने समय समय पर पूर्वी दिल्ली नगर निगम की काफी मदद की। महापौर श्री बिपिन बिहारी सिंह ने पूर्वी दिल्ली नगर निगम की ओर से श्री महेश गिरी जी का धन्यवाद अदा किया। श्री बिपिन बिहारी सिंह ने कहा कि दिल्ली सरकार निगम का सहयोग नहीं कर रही है जिसका खामियाजा जनता को उठाना पड़ रहा है। महापौर ने कहा है कि दिल्ली सरकार की उदासीनता के बावजूद पूर्वी दिल्ली नगर निगम नागरिक सुविधाओं के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है।