मुख्यमंत्री ने जालोर में जलंधरनाथ महादेव के दर्शन किए

जयपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जालोर में जलंधरनाथ महादेव के दर्शन किये एवं प्रदेश मे खुशहाली की कामना की। गहलोत प्रमुख आस्था केन्द्र भैरूनाथ जी के अखाड़े पहुंचकर जलंधरनाथ महादेव के दर्शन किए और अखाड़े के प्रमुख गादीपति  गंगानाथ महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने गोरखनाथ महाराज और भोलेनाथ महाराज की धूणी के दर्शन भी किये। अखाडे के महंत गंगानाथ महाराज ने मुख्यमंत्री का साफा पहनाकर एवं माल्यार्पण कर सम्मान किया।  इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों से कहा कि सरकार जन समस्याओं के निराकरण के लिए हमेशा तत्पर है। मुख्यमंत्री ने सर्किट हाऊस में जनसुनवाई भी की। उन्होंने लेटा ग्राम स्थित पिपलेश्वर मठ के जागनाथ महादेव मंदिर के दर्शन भी किये एवं मठाधीश रणछोड भारती से आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री सुखराम विश्नोई, पूर्व उप मुख्य सचेतक रतन देवासी, पूर्व सांसद पारसाराम मेघवाल, पूर्व विधायक समरजीत सिंह और रामलाल मेघवाल सहित अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।