नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने 'ऋषिकुल' पत्रिका का विमोचन किया







गाजियाबाद। गोविंदपुरम स्थित महर्षि दयानंद विद्यापीठ,इंटरमीडिएट महाविद्यालय प्रांगण में वार्षिकोत्सव ‘त्यौहारों का देश भारत‘ हर्षोल्लास पूर्वक मनाया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर विकास मंत्री सुरेश कुमार खन्ना थे, जबकि अध्यक्षता साहिबाबाद विधायक  सुनील शर्मा ने की। कार्यक्रम में राष्ट्रकवि व विद्यालय अध्यक्ष कृष्ण मित्र, पूर्व मंत्री व विद्यालय संरक्षक  बालेश्वर त्यागी, सचिव राजेश पाल, उपसचिव पंकज शर्मा, कोषाध्यक्ष सुनील गर्ग व अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। 

 

मुख्य अतिथि नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने मां शारदा की प्रतिमा के सम्मुख दीप प्रज्वलित करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया। छात्राओं ने भावविह्वल कर देने वाले स्वागत गीत द्वारा अतिथियों का स्वागत किया। भारत विभिन्न्ताओं का देश है। यहां धर्म, सम्प्रदाय, भाषा, वेशभूषा एवं खान-पान में भिन्नता है। भिन्न-भिन्न प्रान्तों में मनाये जाने वाले विभिन्न त्यौहार यहां की संस्कृति को सतरंगी बना देते हैं। इन्ही त्यौहारों की रंगारंग प्रस्तुति विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। 

 

कार्यक्रम में परमजीत, स्नेहा, खुशी, अंशिका, रिमझिम, नीतीश, चेतन, हर्ष, अनुपमा भारद्वाज, स्वाति, खुशी की  प्रस्तुति विशेष सराहनीय रही। उपस्थित जन समूह ने मन मोहक प्रस्तुतियों की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

 

प्रधानाचार्या श्रीमती सीमा सेठी जी ने विद्यालय की प्रगति आख्या प्रस्तुति की। मुख्य अतिथि नगर विकास मंत्री श्री खन्ना ने 2017-2018 की बोर्ड परीक्षा में जनपद की वरीयता सूची में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को ‘प्रो0 रत्न सिंह स्मृति सम्मान‘ तथा कक्षा 10 व 12 में अपने वर्ग में विद्यालय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को स्क्वाड्रन लीडर सुनील कुमार की स्मृति में फ्रेन्डस एजुकेशनल ट्रस्ट द्वारा स्वर्ण पदक प्रदान किये। उन्होंने विभिन्न विधाओं में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को ‘श्रीमती राजकली देवी स्मृति बालिका सम्मान‘ से सम्मानित किया। यह पुरस्कार विद्यालय संरक्षक बालेश्वर त्यागी द्वारा अपनी माता की स्मृति में 9 छात्राओं को दिया गया। विद्यालय की प्रबन्ध समिति के उपाध्यक्ष सुभाष त्यागी द्वारा विद्यालय के गौरव सर्वश्रेष्ठ गायिका इच्छिता शर्मा, नवोदित कवि दुर्गेश तिवारी और योगासन में जिले व प्रदेश स्तर पर स्थान अर्जित करने वाले आकाश शर्मा को 10-10 हजार रूपये की राशि प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।

 

प्रबन्ध समिति के सदस्य रामानुज त्यागी ने अपनी माता व पिता की स्मृति में 07 मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान की। वी पी त्यागी, भूतपूर्व विभागाध्यक्ष, रसायन विज्ञान विभाग, एम एम एच कॉलेज, गाजियाबाद ने ‘श्रीमती चन्द्रवती एवं श्रीमती सरोज त्यागी स्मृति सेवा प्रकल्प‘ के सौजन्य से विज्ञान वर्ग में अध्ययनरत दो मेधावी विद्यार्थियों को 12-12 हजार की छात्रवृत्ति प्रदान की। साथ ही विद्यालयी व अन्तर्विद्यालयी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। 

 

मुख्य अतिथि नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने विद्यालय की वार्षिक पत्रिका ‘ऋषिकुल‘ का विमोचन किया।

प्रबन्धन प्रतिनिधि अवधेश वत्स ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिह्न भेंट सम्मानित किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम श्रीमती संजू चौधरी एवं संगीत अध्यापक विजय कुमार के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुए। मंच का संचालन श्रीमती नीरज चौधरी (हिन्दी) श्रीमती प्रीति त्यागी (अंग्रेजी) तथा विद्यार्थियों ने किया। 

 

मुख्य अतिथि श्री खन्ना ने मार्गदर्शन करते हुए कहा कि जीवन में उचित और समुचित शिक्षा मानव विकास के लिए बहुत जरूरी है। राष्ट्रगीत के साथ वार्षिकोत्सव का समापन हुआ।