पल्स पोलियो जागरूकता रैली का हुआ आयोजन

                        पल्स पोलियो महाभियान 10 मार्च से


धौलपुर। राष्ट्रीय पल्स पोलियो महाअभियान जिले में 10 मार्च से आयोजित किया जाएगा। इसकी जन जागरूकता के लिए आज जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय से जन जागरूकता रैली का आयोजन किया। रैली को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गोपाल प्रसाद गोयल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया रैली शहर के प्रमुख मार्गो से गुजर कर पल्स पोलियों जागरूकता का संदेश दिया। रैली के दौरान उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. चेतराम मीणा, प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. जनार्दन सिंह परमार, डॉ. शिवकुमार शर्मा आदि उपस्थित रहे। डॉ. गोयल ने बताया कि आगामी 10 मार्च से आयोजित होने वाले पल्स पोलियो महाअभियान के लिये स्वास्थ्य विभाग ने सभी तैयारियॉं पूर्ण कर ली है। इसके अंतर्गत 10 मार्च को बूथ पर तथा 11 व 12 मार्च को घर-घर जाकर पोलियो खुराक पिलाई जायेगी। इस अभियान के अंतर्गत जिले के 0 से 5 वर्ष तक के लगभग 2 लाख 1 हजार 2 सौ अस्सी बच्चों को 1057 बूथों के माध्यम से पोलियो की दवा पिलाई जायेगी। इसके लिये जिले में कुल 28 ट्रांजिक्ट टीम व 13 मोबाइल टीम कार्य करेगी। पल्स पोलियो महाअभियान को सफल बनाने के लिये जिले में 147 सुपरवाईजरो की नियुक्ति की गई है। गौरतलब है कि पल्स पोलियो महाभियान का आयोजन पूर्व मे 3 फरवरी से किया जाना था लेकिन अपरिहार्य कारणों से इसकी तिथि मे परिवर्तन कर 10 मार्च से किया जा रहा है । डॉ. गोयल ने बताया कि अभियान के दौरान सभी बूथों पर लगे कर्मचारियों, सुपरवाईजरों की ड्यूटी वहीं मान्य होगी, उन्होने अभियान की सफलता के लिए सभी कार्मिकों को सख्त निर्देश दिए है साथ ही कहा कि अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नही की जायेगी।