राज्य सरकार महिला सशक्तिकरण के लिये लगातार प्रयासरत: ममता भूपेश

जयपुर। राज्य सरकार महिला सशक्तिकरण के लिये लगातार सकारात्मक प्रयास कर रही है एवं महिला कल्याण हेतु तत्पर है। राज्य की महिला एवं बाल विकास मंत्री ममता भूपेश ने बुधवार को महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा बैठक में यह बात कही। भूपेश बुधवार को, जयपुर में, अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस 8 मार्च के अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय समारोह के सम्बन्ध में तैयारियों का जायजा ले रही थीं। यह राज्य स्तरीय समारोह राज्य कृषि प्रबन्ध संस्थान, दुर्गापुरा, जयपुर में आयोजित किया जा रहा है। भूपेश ने बताया कि समारोह के दौरान महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिला को राज्य स्तरीय महिला शक्ति पुरस्कार प्रदान किया जायेगा। इस वर्ष श्रीमती कुसुमलता जैन को महिला शक्ति पुरस्कार से सम्मानित किया जायेगा। इसके अतिरिक्त विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली राज्य की विभिन्न जिलों की 8 महिलाओं को भी राज्य स्तरीय पुरस्कार प्रदान किये जायेंगे। प्रत्येक संभाग से श्रेष्ठ कार्य करने वाली साथिन का चयन भी किया गया है, उन्हें भी राज्य स्तर पर पुरस्कृत किया जायेगा। सामूहिक विवाह आयोजन में उल्लेखनीय योगदान देने वाले गैर सरकारी संस्था को भी पुरस्कृत किया जायेगा। इसके अतिरिक्त समेकित बाल विकास सेवायें के तहत् श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा एवं सहयोगिनी को भी सम्मानित किया जायेगा। योजनाओं की जानकारी एवं बाल विवाह की रोकथाम हेतु इन्टरनेट आधारित रेडियो चैनल नौबतबाजा की भी लॉन्चिंग की जायेगी। समारोह के दौरान विभागीय योजनाओं के पोस्टर एवं ब्रोशर आदि का विमोचन भी किया जायेगा तथा योजनाओं की प्रदर्शनी भी समारोह स्थल पर लगाई जायेगी। राज्य स्तरीय समारोह में विभिन्न जिलों एवं राज्य भर से लगभग 600 महिलायें
कार्यक्रम में भाग लेंगी। महिला अधिकारिता विभाग के निदेशक पी.सी. पवन ने बताया कि कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री ममता भूपेश रहेंगी तथा समारोह के आयोजन की समस्त तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।