उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने क्षेत्र को मोतियाबिंद मुक्त बनाने के लिए शुरू किया विशेष अभियान

उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने आज क्षेत्र को मोतियाबिंद मुक्त बनाने के लिए विशेष अभियान की शुरुआत की। इस अभियान का शुभारम्भ वार्ड-98 से दिल्ली भाजपा प्रभारी औऱ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्याम जाजू द्वारा किया गया। इस अवसर पर उत्तरी दिल्ली के महापौर आदेश गुप्ता बतौर विशिष्ठ अतिथि उपस्थित रहे।


इस अवसर पर  श्याम जाजू ने कहा कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम का यह प्रयास बेहद सराहनीय है। विषम परिस्थितियों में भी निगम नागरिकों को अधिक से अधिक सुविधाएं मुहैया कराने के लिए प्रयासरत है।


इस अभियान के बारे में जानकारी देते हुए महापौर आदेश गुप्ता ने बताया कि निगम के स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी घर-घर जाकर मोतियाबिंद के मामलों का पता लगाएंगे।


क्षेत्रीय पार्षद, आरडब्ल्यूए और गैर-सरकारी संगठन भी इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। मोतियाबिंद पीड़ित व्यक्ति की शुरुआती जांच उत्तरी दिल्ली नगर निगम के पॉलीक्लिनिक में की जाएगी। जिन मामलों में सर्जरी की आवश्यकता होगी, उन मरीजों की हिंदूराव अस्पताल, आरबीआईपीएमटी या कस्तूरबा अस्पताल में सर्जरी कराई जाएगी। इन सभी सर्जरी का खर्च औद्योगित प्रतिष्ठानों की मदद से उत्तरी दिल्ली नगर निगम द्वारा वहन किया जाएगा।


मरीजों को शुरुआती जांच से लेकर सर्जरी तक, या सर्जरी के बाद चश्मे आदि का कोई भी खर्च खुद नहीं उठाना पड़ेगा। इस अभियान की खास बात यह है कि क्षेत्र को मोतियाबिंद मुक्त बनाने के लिए विधायी पक्ष, कार्यकारी पक्ष, आरडब्ल्यूए, एनजीओ सभी साथ मिलकर काम कर रहे हैं। इस अभियान को निगम के जन स्वास्थ्य विभाग, अस्पताल प्रबंधन और आयुष विभाग के समेकित सोच के साथ क्रियान्वित किया जाएगा।


इस अभियान को अन्य वार्डों में भी समरूपता के साथ लागू किया जाएगा। उत्तरी दिल्ली नगर निगम इस अभियान में सीएसआर के तहत सभी संगठनों और औद्योगिक प्रतिष्ठानों की मदद लेगा। यह कार्यक्रम सालभर विभिन्न क्षेत्रों में जारी रहेगा।


इस अवसर पर, उपमहापौर  राजेश कुमार लावड़िया, स्वास्थ्य समिति की अध्यक्ष, सुश्री उर्मिला चौधरी, पूर्व पार्षद विरेंद्र बब्बर, निगमायुक्त, सुश्री वर्षा जोशी, अतिरिक्त आयुक्त (स्वास्थ्य), जयराज नायक, एमएचओ डॉ. एके बंसल, डीएचओ डॉ. अरूण यादव, हिन्दूराव अस्पताल की चिकित्सा अधीक्षक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।