विदेश राज्यमंत्री वी के सिंह सहित लाखों भक्तों ने किया दूधेश्वरनाथ मंदिर में जलाभिषेक







गाजियाबाद। स्थानीय सिद्धपीठ श्री दूधेश्वर नाथ मंदिर में सोमवार को फाल्गुन महाशिवरात्रि के मौके पर भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए लाखों श्रद्धालु पहुंचे और भगवान दूधेश्वर का जलाभिषेक किया। रविवार की मध्य रात्रि से ही पंक्तिबद्ध श्रद्धालुगण हर हर भोले, बम बम भोले के जयकारों के साथ शिवलिंग पर जलाभिषेक करते हुए दूध, बेलपत्र, भांग, धतूरे और फूल अर्पित करते हुए बाबा को पंचामृत का भोग लगाया एवं अपनी अपनी  मन्नत मांगी।

 

श्री दूधेश्वर नाथ मंदिर के महंत श्री नारायण गिरि महाराज एवं मन्दिर विकास समिति के अध्यक्ष धर्म पाल गर्ग ने रविवार की मध्य रात में ही शिवलिंग विग्रह पर जल चढ़ाया। उसके बाद सभी भक्तों ने जलाभिषेक करना शुरू किया। मंदिर परिसर में देर रात से ही लोगों की लम्बी कतार लगनी शुरू हुई। फिर दिन निकलते ही भक्तों की कतारें लंबी होती चली गई। दोपहर में जिला अस्पताल से भी आगे तक लाइन लगी रही। इस दौरान नागरिक सुरक्षा संगठन के वार्डन, पुलिस बल के साथ साथ मंदिर कमेटी के सदस्य एवं एसपीओ भी तैनात रहे। इसके लिए ज्यादा से ज्यादा स्वयंसेवकों को लगाया गया था। पुलिस की निगरानी में और मंदिर प्रशासन द्वारा लगवाए गए सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में लाखों भक्तों ने जलाभिषेक किया। कंट्रोल रूम से मंदिर परिसर की प्रत्येक गतिविधियों पर नजर रखी गई। 

 

इस अवसर पर भाजपा सांसद व केंद्रीय मंत्री वी के सिंह, उनकी पत्नी भारती सिंह परिवार सहित पूजा अर्चना कीं। राज्यसभा सांसद अनिल अग्रवाल, माहापौर आशा शर्मा, लोनी विधायक नन्द किशोर गुर्जर, सीओ प्रथम धर्मेंद्र  सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट यशवर्धन श्रीवास्तव, एडीएम सिटी शैलेन्द्र सिंह, बीजेपी नेता रमेश चंद्र तोमर, अजय गुप्ता, कोतवाली प्रभारी जयकरण सिंह आदि गणमान्य नागरिकों ने भी जलाभिषेक किया।

 

महाशिवरात्रि के पर्व पर मंदिर की विशेष सजावट की गई है, जिसमें रंग बिरंगी लाईटें और फूल का उपयोग किया गया है। सायंकाल में भव्य सिंगार पूजा भी हुई और भगवान महाकाल के रूप में उनका विशेष श्रृंगार किया गया। इस अवसर पर 108 प्रकार के व्यंजनों से भोग लगाया गया।