चार बल्क वेस्ट जेनरेटरों ने नगर निगम कोष में जमा करवाये 1 लाख रुपए
गाजियाबाद। नगर आयुक्त दिनेश चंद्र ने गत शनिवार को जिन चार बल्क वेस्ट जेनरेटरों पर 25-25 हजार रुपए का जुर्माना लगाया था, उन्होंने अपनी अपनी जुर्माना धनराशि सोमवार को नगर निगम कोष में जमा कर दी। इससे नगर निगम क्षेत्र में बल्क वेस्ट जेनरेटरों में एक सकारात्मक संदेश गया है जिससे अब वे सभी ऐसे मामलों में भी अतिरिक्त सावधानी बरतेंगे। 

 

बता दें कि गत 10 मार्च की प्रातः निगम क्षेत्र में साफ सफाई का निरीक्षण करने निकले नगर आयुक्त दिनेश चंद्र ने वसुंधरा जोन अंतर्गत इंदिरापुरम स्थित 4 पार्टी लॉन के बल्क वेस्ट जनरेटरों, जिनमें क्रमशः आम्बीयांश लॉन, दीप लॉन, द ग्रांड लॉन और पंचवटी लॉन शामिल हैं, के द्वारा प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री यथा- कप-प्लेट, गिलास, चम्मच, आदि का प्रयोग कर सड़क किनारे फेंकने और नालियों में गंदगी फैलाकर रखने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए इन सभी बल्क वेस्ट जनरेटरों को नगर आयुक्त ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी को नोटिस जारी करने हेतु निर्देशित किया था। 

 

हालांकि नोटिस प्राप्त होने के बाद भी इन बल्क वेस्ट जेनरेटरों द्वारा निर्धारित समयावधि में संतोषजनक उत्तर नगर निगम को प्रेषित नहीं किया। जिसके बाद अग्रेत्तर कार्यवाही करते हुए नगर निगम ने गत शनिवार को उत्तर प्रदेश सॉलिड वेस्ट नियमावली 2019, उत्तर प्रदेश प्लास्टिक व अन्य जीव अनाशित कूड़ा -कचरा अधिनियम 2018 के तहत प्रतिबंधित प्लास्टिक का प्रयोग करने व कूड़ा-कचरा फैलाने के अंतर्गत उपरोक्त चारों बल्क वेस्ट जनरेटर पर 25-25 हजार रुपए का जुर्माना अधिरोपित किया। फिर आज निगम अधिकारियों ने बताया कि चारो बल्क वेस्ट जेनरेटरों ने सोमवार को अपनी अपनी जुर्माना राशि कुल एक लाख रुपए निगम कोष में जमा कर दिए हैं।