दक्षिणी दिल्ली की नई महापौर बनीं सुनीता कांगड़ा
 

#स्वच्छता, शिक्षा और पार्किंग को देंगी प्राथमिकता

#भाजपा के नरेन्द्र चावला और भूपेंद्र गुप्ता के साथ कांग्रेस के वेदपाल स्थाई समिति के लिए निर्वाचित 

मादीपुर वार्ड से भाजपा की पार्षद सुनीता कांगड़ा निर्विरोध रुप से दक्षिणी दिल्ली की महापौर निर्वाचित हो गईं हैं। वहीं, उपमहापौर पद पर ककरौला वार्ड से भाजपा पार्षद राजदत्त गहलोत को सर्वसम्मति से चुना गया है। इस आशय की घोषणा शुक्रवार को आयोजित दक्षिणी दिल्ली नगर की आमसभा की बैठक में पीठासीन अधिकारी और निवर्तमान महापौर नरेंद्र चावला ने की। 

 

 

वहीं, पत्रकारों से बातचीत के दौरान नव निर्वाचित महापौर सुनीता कांगड़ा ने कहा कि वह स्वच्छता व शिक्षा के क्षेत्र में विस्तार करने के साथ उन्हें गुणवत्तापूर्ण बनाने का प्रयास करेंगी और पार्किंग की समस्या के समाधान को प्राथमिकता देंगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली के बढ़ते शहरीकरण से चुनौतियां भी बड़ी हो रही है। इन चुनौतियों से निपटने के लिए क्षेत्र की जनता, पार्टी और अधिकारियों का सहयोग लिया जाएगा। जनता से प्राप्त सुझावों पर अमल किया जाएगा। 

 

स्वच्छता अभियान के बारे में सवाल पूछने के बाद महापौर ने कहा कि इसे और भी अधिक प्रभावी जन आंदोलन बनाना होगा। उन्होंने कहा कि हम सब मिलकर निगम क्षेत्र को और अधिक सुविधा संपन्न बनाएंगे ताकि दक्षिणी निगम का देश में नाम रोशन हो सके। वहीं, स्थायी समिति के सदस्य तौर पर आम आदमी पार्टी के अब्दुल वाजिद खान और भाजपा के कर्नल बी के ऑबराय द्वारा नाम वापस लिए जाने के बाद भाजपा के नरेंद्र चावला और भूपेंद्र गुप्ता तथा कांग्रेस के वेदपाल को विजयी घोषित किया गया। इस अवसर पर भाजपा, आम आदमी पार्टी व कांग्रेस पार्टी के नेताओं, पार्षदों और निगमायुक्त डॉ पुनीत कुमार गोयल समेत अनेक गणमान्य लोगों ने महापौर सुनीता कांगड़ा का स्वागत किया।