भाजपा ने दिल्ली में रखा 10 लाख से अधिक नये सदस्य बनाने का लक्ष्य
नई दिल्ली।  भारतीय जनता पार्टी अपने विस्तार के लिए व्यापक रूप से देश भर में 6 जुलाई से 11 अगस्त तक प्राथमिक सदस्यता अभियान की शुरूआत करने जा रही है। विधानसभा चुनावों को देखते हुये सदस्यता अभियान काफी अहम माना जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य भाजपा को सर्वस्पर्शी एवं सर्वव्यापी पार्टी बनाना है। सदस्यता अभियान की रूपरेखा तैयार करने के लिए आज लाईव विडियों कान्फ्रेन्सिंग के माध्यम से भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री  रामलाल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व सदस्यता अभियान के राष्ट्रीय प्रमुख  शिवराज सिंह चैहान, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व सह-प्रमुख दुष्यंत गौतम एवं राष्ट्रीय आई टी प्रमुख अमित मालवीय ने दिल्ली प्रदेश कार्यालय पर उपस्थित दिल्ली भाजपा अध्यक्ष  मनोज तिवारी, प्रदेश महामंत्री व प्रदेश सदस्यता प्रमुख कुलजीत सिंह चहल, उपाध्यक्ष जयप्रकाश, मीडिया प्रभारी प्रत्युष कंठ, सह-प्रभारी नीलकांत बक्शी, मीडिया प्रमुख अशोक गोयल देवराहा, प्रदेश आई टी टीम व जिला संयोजक एवं कार्यकर्तओं को सम्बोधित किया।


प्रदेश महामंत्री व सदस्यता अभियान प्रमुख कुलजीत सिंह चहल ने बताया कि इस विडियों कान्फ्रेन्सिंग के माध्यम से सोशल मीडिया पर ऑनलाईन व ऑफलाईन  लोगों को भाजपा के साथ जोड़ते हुये उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई जायेगी। 25 जून, 2019 तक सभी जिला सदस्यता प्रमुखों की बैठक और 30 जून, 2019 तक सभी मंडल सदस्यता प्रमुखों की बैठकों का आयोजन सम्पन्न हो जायेगा। वर्ष 2015 में भी भाजपा ने सदस्यता अभियान चलाया था जिसमें पार्टी के पुराने कार्यकर्ताओं को भी पुनः प्राथमिक सदस्यता दी गई थी, लेकिन इस बार सदस्यता अभियान पार्टी का विस्तार करने के लिए किया जायेगा जिसके अन्तर्गत दिल्ली में 10 लाख नये लोगों को भाजपा की सदस्यता दिलाने का लक्ष्य रखा गया है। यह सभी सक्रिय कार्यकर्ता संगठन को मजबूत करने के लिए काम करेंगे।

श्री  चहल ने बताया कि सदस्यता अभियान में दिल्ली के सभी वर्गों को साथ जोड़ने के लिए रणनीति तैयार की जायेगी। दिल्ली में सदस्यता अभियान को सफल बनाने के लिए 2500 विस्तारक अपने-अपने क्षेत्रों में काम करेंगे। विस्तारकों को क्षेत्र में जनसम्पर्क के माध्यम से लोगों को भाजपा की सदस्यता दिलानी होगी, साथ ही कमजोर बूथों पर विशेष ध्यान देते हुये सबसे अधिक नये सदस्य जोड़ने के लिए काम करना होगा। भाजपा विश्व की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी है। सबका साथ सबका विकास सबके विश्वास के साथ काम करने के लिए भाजपा संकल्पित है। 5 जुलाई तक सभी शक्ति केन्द्रों पर बैठकों का समापन हो जायेगा और 6 जुलाई को प्रदेश कार्यलाय पर एक बड़े कार्यक्रम में सदस्यता अभियान के तहत लोगों को भाजपा से जोड़ा जायेगा।


भाजपा ने दिल्ली में रखा 10 लाख से अधिक नये सदस्य बनाने का लक्ष्य