डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की स्मृति में समर्पित केंद्रीय विद्यालय का शाहदरा में भूमि पूजन सम्पन

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष एवं उत्तर पूर्वी दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी ने शाहदरा स्थित केंद्रीय विद्यालय के भवन निर्माण के लिए भूमि का पूजन किया। इस अवसर पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।वर्ष 2016 में तत्कालीन केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने केंद्रीय विद्यालय शाहदरा के लिये स्वीकृति प्रदान की थी लेकिन बार बार अदालती अड़चनों और भू माफिया के द्वारा अवरोध उत्पन्न करने के चलते विद्यालय की बाउंड्रीवाॅल का काम तो पूरा हुआ लेकिन विद्यालय भवन का निर्माण नहीं हो सका था। अब टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के बाद चार मंजिला विद्यालय भवन निर्माण कार्य में आने वाली बाधाएँ दूर हो गई और लगभग ढाई एकड़ जमीन पर 9 करोड, 2लाख, 94 हजार, 677 रुपये की लागत से 12 माह में चार मंजिला भवन का निर्माण होगा एवं बच्चों के खेलने के लिए मैदान भी विकसित किए जाएंगे।

    इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए  मनोज तिवारी ने कहा कि आज का दिन इतिहास में बहुत महत्वपूर्ण है। इसीलिए मैंने केंद्रीय विद्यालय भवन निर्माण के भूमि पूजन के लिए 23 जून को चुना। आज डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान दिवस है। वह एक महान शिक्षाविद और चिन्तक होने के साथ-साथ भारतीय जनसंघ के संस्थापक भी थे। उन्हें आज भी एक प्रखर राष्ट्रवादी और कट्टर देशभक्त के रूप में याद किया जाता है। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सच्चे अर्थों में मानवता के उपासक और सिद्धांतों के पक्के इंसान थे। संसद में उन्होंने सदैव राष्ट्रीय एकता की स्थापना को ही अपना प्रथम लक्ष्य रखा था। संसद में दिए अपने भाषण में उन्होंने पुरजोर शब्दों में कहा था कि ष्राष्ट्रीय एकता के धरातल पर ही सुनहरे भविष्य की नींव रखी जा सकती है। भारतीय इतिहास में उनकी छवि एक कर्मठ और जुझारू व्यक्तित्व वाले ऐसे इंसान की है, जो अपनी मृत्यु के इतने वर्षों बाद भी अनेक भारतवासियों के आदर्श और पथप्रदर्शक हैं। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर समर्पित केंद्रीय विद्यालय क्षेत्र के बच्चों के मन-मस्तिष्क में ज्ञान की ज्योति जलायेगा 

    श्री मनोज तिवारी ने कहा कि हमारे संसदीय क्षेत्र में अब से पहले कोई भी केंद्रीय विद्यालय नहीं था। आगामी एक वर्ष में न सिर्फ शाहदरा का केंद्रीय विद्यालय क्षेत्र के बच्चों का बेहतर भविष्य बनाएगा बल्कि दो अन्य केन्द्रीय विद्यालयों का निर्माण आने वाले कुछ ही वर्षों में हम पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि हमें दुख है की जो विद्यालय एक वर्ष पूर्व छात्रों को समर्पित होना चाहिए था क्षेत्र के कुछ लोगों ने इसमें बार बार रुकावट पैदा की जिससे मुझे बहुत कष्ट हुआ। लेकिन डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की उस पीड़ा से यह बहुत कम था जो उन्हें अपने संघर्ष के दौरान दी गई। उन्होंने कहा कि हम विकास के अभियान को निरंतर चला रहे हैं और हमें जान से मारने की धमकी दी जा रही है और सहयोग करने पर आनंद त्रिवेदी को भी मारने की धमकी दी गई। लेकिन डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी से प्रेरित भाजपा कार्यकर्ताओं को विषम परिस्थितियों में भी काम करने की आदत है और दुनिया की कोई ताकत हमें हमारे विकास के लक्ष्य से भटकने के लिए मजबूर नहीं कर सकती।

    कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश मंत्री श्रीमती मीनाक्षी, जिलाध्यक्ष  कैलाश जैन  अजय महावर महामंत्री मास्टर विनोद कुमार, चैधरी भँवर सिंह, उपाध्यक्ष आकाश तिवारी,राजेंद्र अग्रवाल, मीडिया विभाग के प्रदेश प्रमुख अशोक गोयल देवरहा, सहप्रमुख आनंद त्रिवेदी, जोन चेयरमैन  प्रवेश शर्मा, निगम पार्षद  सचिन शर्मा,  अजय शर्मा, श्रीमती सुमन लता नागर, श्रीमती रीना कटारिया, के के अग्रवाल, पुनीत शर्मा, भाजपा नेता जयभगवान गोयल, दिव्य जायसवाल, जितेंद्र महाजन, उदय कौशिक, केंद्रीय लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियन्ता यशपाल गुप्ता, कार्यपालक अभियंता  बी आर सिंह, सहायक अभियन्ता  प्रेम प्रकाश यादव, कनिष्ठ अभियन्ता स्वतंत्र सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।