एल्डरमैन और आम आदमी पार्टी ट्रेड विंग के महासचिव विजेन्द्र यादव आज अपने दलबल के साथ भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुये





आम आदमी पार्टी में जो लोग समाज बदलने का जजबा लेकर आये थे वे लोग आज घुटन महसूस कर रहे हैं-मनोज तिवारी


 

केजरीवाल हमेशा झूठ बोलते हैं, पार्टी और सरकार के लोगों के साथ बंधुआ मजदूर की तरह व्यवहार करते हैं-हंसराज हंस

 नई दिल्ली । उत्तर पश्चिम संसदीय क्षेत्र से एल्डरमैन और आम आदमी पार्टी ट्रेड विंग के महासचिव  विजेन्द्र यादव आज अपने दल बल के साथ भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गये। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष  मनोज तिवारी ने  विजेन्द्र यादव और उनके समर्थकों को भाजपा का पटका पहना कर पार्टी में आने पर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर सांसद  हंसराज हंस, प्रदेश उपाध्यक्ष  जय प्रकाश, उत्तर पश्चिम जिला अध्यक्ष  नीलदमन खत्री, मीडिया सह-प्रभारी  नीलकांत बक्शी, मीडिया प्रमुख  अशोक गोयल देवराहा, नरेला जोन चेयरमेन पद के लिए नामांकित उम्मीदवार  सुनीत चैहान उपस्थित थे।

 

श्री मनोज तिवारी ने कहा कि जो लोग समाज बदलने का जज्बा  लेकर आम आदमी पार्टी में आये थे वे लोग आज घुटन महसूस कर रहे हैं और उसमें से निकलने के लिए रास्ते तलाश  रहे हैं। क्योंकि आम आदमी पार्टी अलोकतांत्रिक और तानाशाही फैसले लेने वाले अरविन्द केजरीवाल की प्राइवेट लिमिटेड कम्पनी है, जो भी स्वाभिमानी व्यक्ति है वह आम आदमी पार्टी में  घुटन महसूस कर रहा है। उन्हांने कहा कि  विजेन्द्र यादव के पार्टी में शामिल होने से उत्तर पश्चिम संसदीय क्षेत्र में भाजपा का जनाधार और अधिक मजबूत होगा तथा आगामी विधानसभा चुनाव में इस लोकसभा की सभी सीटें भाजपा बड़े अंतर से जीतने में सफल होगी।

 

इस अवसर पर सांसद  हंसराज हंस ने कहा कि अरविन्द केजरीवाल ने अपने गुरू को धोखा दिया, गरीबों के हक को मार रहे हैं। अरविन्द केजरीवाल आम आदमी से अब क्रूर आदमी बन चुके हैं इसलिये वे किसी को भी सम्मान नहीं देते हैं। उन्होंने कहा कि केजरीवाल हमेशा झूठ बोलते हैं। पार्टी और सरकार के लोगों के साथ बंधुआ मजदूर की तरह व्यवहार करते हैं।

 

भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुये  विजेन्द्र यादव ने अरविन्द केजरीवाल पर गंभीर आरोप लगाते हुये कहा कि अरविन्द केजरीवाल बंद कमरे में बैठकर एमसीडी को फंड न देने की रणनीति बनाते हैं और बाहर आकर नाटकबाजी करते हैं। उनकी गलत नीतियों का जवाब नेताओं को क्षेत्र में देना पड़ता है। मैं प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की नीतियों और प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी की कार्यशैली से प्रभावित होकर भारतीय जनता पार्टी में अपने समर्थकों के साथ शामिल हो रहा हूँ। भाजपा में शामिल होने का एक और कारण भी था कि मैं आम आदमी पार्टी में  समाज का काम करने की नियत से आया था लेकिन अरविन्द केजरीवाल पैसे इकट्ठे करने के लिए दबाव डालते रहते हैं जो पैसा इकट्ठा नहीं करता उसको सार्वजनिक रूप से गधा कहकर जलील करते हैं। आम आदमी पार्टी में रहकर ऐसा लग रहा था कि मैं किसी राजनीतिक पार्टी के लिए काम नहीं कर रहा हूँ बल्कि मैं खुद को कैद में महसूस कर रहा था और अपनी अभिव्यक्ति के लिए घुट रहा था।