नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने हरनन्दी नदी की साफ-सफाई एवं छठ घाट पर वृक्षारोपण कार्यक्रम का शुभारंभ किया







गाजियाबाद। जल संरक्षण एवं वर्षा जल संचयन तथा पर्यावरण को शुद्ध बनाने के उद्देश्य से प्रभारी मंत्री, गाजियाबाद एवं मंत्री, संसदीय कार्य, नगर विकास, शहरी समग्र विकास तथा नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन, उप्र सुरेश कुमार खन्ना की गरिमामयी उपस्थिति में शनिवार को प्रातः 8.30 बजे से हिण्डन नदी अर्थात हरनंदी नदी तट स्थित छठ पूजा घाट स्थल पर साफ-सफाई एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

    

आयोजित कार्यक्रम में आशा शर्मा महापौर, सुनील शर्मा विधायक साहिबाबाद, आजितपाल त्यागी विधायक मुरादनगर, नंदकिशोर गुर्जर विधायक लोनी, श्रीमती रितु माहेश्वरी जिलधिकारी, रमेश रंजन मुख्य विकास अधिकारी, शैलेन्द्र कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (नगर) के अतिरिक्त गाजियाबाद नगर निगम के नगर आयुक्त दिनेश चन्द्र, पार्षदगण एवं जनपद गाजियाबाद सीमान्तर्गत नगर पालिका परिषद, नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारियों के साथ-साथ नगर निगम के समस्त अधिकारी व कर्मचारियों के अतिरिक्त लगभग 2000 सफाई कर्मचारियों द्वारा विशेष सफाई अभियान व वृक्षारोपण कार्यक्रम में प्रतिभाग किया गया। 

 

आयोजित कार्यक्रम में सुरेश कुमार खन्ना, नगर विकास मंत्री, विधायकगण, महापौर व उपस्थित अधिकारीगण एवं नगर निगम के कर्मचारियों व 2000 सफाई कर्मचारियों द्वारा सर्वप्रथम हिण्डन नदी स्थित छठ घाट के किनारे से जलकुम्भियों को हटाकर घाट की साफ-सफाई का कार्य किया गया। इसके अतिरिक्त कार्यक्रम में उपस्थित सभी गणमान्यों व अधिकारियों द्वारा शासन द्वारा गाजियाबाद नगर निगम को निर्धारित लक्ष्य 2.00 लाख पौधारोपण के दृष्टिगत 50 पौधे रोपित कर वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया।

     

इस मौके पर नगर आयुक्त दिनेश चन्द द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को अवगत कराया गया कि उप्र प्लास्टिक और अन्य जीव अनाशित कूड़ा-कचरा उपयोग और निस्तारण का विनियमन संशोधन अध्यादेश, 2018 को नगर विकास मंत्री सुरेश कुमार खन्ना के द्वारा वर्तमान समय की मांग के अनुरूप एक क्लेवर में प्रदेश में लाया गया है। जो प्रदेश में जल्दी ही जल संचयन व जल में प्लास्टिक के कारण होने वाले प्रदूषण को रोकने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगा।  

  

इस अवसर पर नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने नगर निगम द्वारा शहर को स्वच्छ बनाने, प्रतिबन्धित प्लास्टिक व थर्मोकोल की सामग्री से मुक्त करने एवं पर्यावरण को प्रदूषण से मुक्त करने हेतु किये जा रहे प्रयासों की मंच के माध्यम से सराहना की और कार्यक्रम में उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों, अधिकारियों व कर्मचारियों एवं जनसामान्य से गाजियाबाद नगर को गन्दगी, प्रदूषण मुक्त करने में अपना पूर्ण सहयोग प्रदान करने की अपेक्षा की, ताकि गाजियाबाद शहर प्रदेश में ही नहीं बल्कि देश में उत्कृष्ट श्रेणी प्राप्त कर सके।  

 

जल संरक्षण एवं वर्षा जल संचयन के दृष्टिगत उपरोक्त कार्यक्रम में मंत्री खन्ना द्वारा सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जनपद गाजियाबाद में जितने भी तालाब व पोखर आदि विलुप्त हो गये हैं या जिनपर अवैध कब्जे हैं, उनको तत्काल प्रभाव से कब्जा मुक्त कराकर पुर्नजीवित किया जाये, जिससे गिरते जलस्तर पर अनुकूल प्रभाव पड़ेगा। 

    

नगर विकास मंत्री सुरेश कुमार खन्ना के द्वारा शहर के नालों की सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाये जाने हेतु 6 पोकलेन मशीनों एवं शहर को आवारा पशुओं से मुक्त कराने हेतु 1 कैट्ल-कैचिंग वाहन दस्ते की गाड़ी को भी हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया।