जम्मू-कश्मीर पर कोर कमिटी की बैठक पार्टी के केन्द्रीय कार्यालय में संपन्न

दिल्ली।  मंगलवार की शाम को जम्मू-कश्मीर पर भारतीय जनता पार्टी के कोर ग्रुप की बैठक पार्टी के केन्द्रीय कार्यालय में संपन्न हुई जिसकी अध्यक्षता भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने की. इस बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन)  बी. एल. संतोष, पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं जम्मू-कश्मीर के प्रभारी अविनाश राय खन्ना, राष्ट्रीय महासचिव  राम माधव, केन्द्रीय मंत्री डॉ जितेन्द्र सिंह, जम्मू-कश्मीर भाजपा के अध्यक्ष  रवीन्द्र रैना, प्रदेश संगठन महामंत्री  अशोक कौल,कवीन्द्र गुप्ता, डॉ निमल सिंह एवं कई और गणमान्य पार्टी पदाधिकारी उपस्थित थे। ये जानकारी देते हुए राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने बताया कि कोर ग्रुप की बैठक में जम्मू-कश्मीर में जम्मू-कश्मीर में आतंक के खिलाफ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में जारी 'जीरो टॉलरेंस' की नीति और राज्य के विकास के लिए केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का पुरजोर समर्थन किया गया। 


उन्होंने बताया कि बैठक में जम्मू-कश्मीर में विधान सभा चुनाव के लिए पार्टी की तैयारियों का जायजा लिया गया और अविनाश राय खन्ना को जम्मू-कश्मीर में होने वाले विधान सभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी का प्रभारी नियुक्त किया गया। भारतीय जनता पार्टी के संगठन पर्व - सदस्यता अभियान को और मजबूती देते हुए नए सदस्यों को जोड़ने के लक्ष्य के प्रति सर्वसम्मति से संकल्प व्यक्त किया गया।  पार्टी के वर्तमान में चल रहे देशव्यापी सदस्यता कार्यक्रम के तहत प्रदेश में लगभग 2.37 लाख से अधिक नए सदस्य जोड़े जा चुके हैं. इसके साथ ही बैठक में प्रदेश में सक्रिय सदस्यों की संख्या 5000 करने का निश्चय हुआ।पाकिस्तान की सीमा से सटे करनाह विधान सभा (विधान सभा संख्या 01) में ही लगभग 6 हजार से अधिक नए सदस्य भारतीय जनता पार्टी से जुड़े।  जम्मू-कश्मीर में इस सदस्यता कार्यक्रम के दौरान लगभग 1500 से अधिक विशिष्ट व्यक्तियों ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ली. लगभग 35 स्थानों पर प्रदेश में सदस्यता विस्तारक कार्यशालायें संपन्न हुई।उक्त अवसर पर राष्ट्रीय सह मीडिया प्रभारी संजय मयूख मौजूद थे