मनोज तिवारी ने शीला दीक्षित के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया
नई दिल्ली। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष  मनोज तिवारी ने दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती शीला दीक्षित के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुये कहा कि दिल्ली के लोग उन्हें अच्छे कामों के लिये याद करेंगे। राजनीति में उनका नाम सम्मान से लिया जाता रहा है और उन्होंने कभी लोकतांत्रिक मर्यादाओं को पार नहीं किया। दिल्ली के विकास में उन्होंने अहम भूमिका निभाई है। मेरा राजनीति के साथ-साथ उनसे पारिवारिक रिश्ता भी रहा है। लोकसभा का चुनाव जीतने के बाद मैं उनसे आशीर्वाद लेने गया था और उन्होंने मुझे पुत्रवत प्यार दिया है।

 

श्री तिवारी ने बताया कि श्रीमती शीला दीक्षित के शोक एवं सम्मान में दिल्ली भाजपा के सभी सार्वजनिक कार्यक्रम 21 जुलाई तक रद्द कर दिये हैं। शीला जी के निधन का समाचार सुनकर मैं स्तब्ध रह गया, लेकिन यह ईश्वर की नीयति है जिस पर किसी का बस नहीं है। ईश्वर उनके परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।