स्थायी समिति के अध्यक्ष ने उपमुख्यमंत्री के साथ बैठक कर निगम के विकास के लिए मांगा सहयोग

पूर्वी दिल्ली नगर निगम के स्थायी समिति अध्यक्ष संदीप कपूर ने आज दिल्ली के उप मुख्यमंत्री  मनीष सिसोदिया के साथ बैठक कर निगम के विकास में सहयोग की मांग की। जिसमें निगम के अतिरिक्त आयुक्त, डाॅ ब्रजेश सिंह, उपायुक्त, आरती शर्मा भी उपस्थित रहीं।


बैठक में पूर्वी दिल्ली नगर निगम के विकास के लिए दिल्ली सरकार से सहयोग मांगा गया। पहली तिमाही के अनुसार अप्रैल-जून के लिए निर्धारित विकास फंड में 71.65 करोड़ शीघ्रातिशीघ्र दिया जाए जिससे बकाया राशि और विकास कार्य जो लंबित पड़ें हैं वह पूरा किया जा सके। इसके अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों के पिछले एरियर व अन्य बकाया राशि और साथ में कर्मचारियों के नियमितिकरण के लिए चतुर्थ वित्त आयोग के तहत लगभग 3000 करोड़ की बकाया राशि को भी तुरन्त दिलवाया जाए ताकि हम सफाई कर्मचारियों और अन्य कर्मचारियों के तमाम एरियर रिलीज कर सकें।


इसके साथ-साथ दूसरी किश्त जोकि 335 करोड़ रूपये की है, उसे भी तुरन्त रिलीज किया जाए। स्वामी दयानन्द अस्पताल के नवीनीकरण के लिए जो 500 करोड़ का बजट चार साल पहले पास किया गया था इसके लिए स्थायी समिति अध्यक्ष ने कहा कि 70 करोड़ रूपये की पहली किश्त तुरन्त दिया जाए जिससे प्रारंभिक रूप से 100 बेड वाला वार्ड, जोकि खस्ताहालत में पड़ा है, उसका कार्य किया जा सके। निगम की स्थायी समिति की बैठक में भी इस विषय पर अपनी चिंता जाहिर की गयी थी और कल 10 जुलाई को स्थायी समिति अध्यक्ष ने स्वामी दयानन्द अस्पताल का दौरा किया था।


अंत में निवेदन किया गया कि यमुनापार के विकास के लिए और पूर्वी दिल्ली की जनता के लिए दिल्ली सरकार अविलम्ब फंड जारी करे जिससे निगम की जरूरतें पूरी हो सके।