दूधेश्वरनाथ मंदिर पहुंचे केंद्रीय मंत्री वीके सिंह, धर्मपत्नी  के साथ की पूजा-अर्चना






गाजियाबाद। श्रावण मास के चतुर्थ सोमवार को प्रदोष का भी भाव है। इसलिए आज के दिन व्रत करने से सभी प्रकार विकार, क्लेश समाप्त होते हैं। भगवान शिव कल्याण स्वरूप हैं, शिव भोले हैं, सदैव अपने भक्तों पर कृपा बरसाते हैं। इसलिए मध्य रात्री से ही भक्तगण बाबा दूधेश्वर का जलाभिषेक करने के लिये लाईन में खड़े होकर अपने जलाभिषेक पूजन बेला की प्रतिक्षा करते हैं।


 

इस मौके पर बोल बम, ओम नमः शिवाय का जाप करते हुये रात्री 1:21 मिनट से भक्तों ने अपने आराध्य देव बाबा दूधेश्वर नाथ का जलाभिषेक प्रारम्भ किया। फिर, प्रातःकाल 3:30 बजे मोहित एवं उनके समस्त सहयोगियों ने भगवान दूधेश्वर का भव्य श्रृंगार किया।तदोपरान्त धूप आरती मंगल गिरि, दीप आरती शिवानन्द गिरि ने किया। फिर भक्तों का जलाभिषेक प्रारम्भ हुआ। 

 

इस बीच प्रातःकाल 8 बजे गाजियाबाद के सांसद व केंद्रीय मंत्री वी के सिंह अपनी पत्नी भारती सिंह, पुत्री मृणालिनी, भाजपा नेता हातम सिंह नागर, दूधेश्वर मन्दिर विकास समिति के अध्यक्ष धर्मपाल गर्ग एक साथ मंदिर  पहुंचे, जहां पूज्य गुरूदेव श्रीमहन्त नारायण गिरि जी महाराज, श्री दूधेश्वर पीठाधीश्वर गाजियाबाद ने भगवान दूधेश्वर का पंचोपचार पंचामृत पंचगव्य से वैदिक मंत्रों द्वारा अभिषेक पूजन करवाया।

 

सावन का अन्तिम सोमवार होने के चलते हजारों भक्तों ने निरन्तर लाईन में लगकर बाबा दूधेश्वर का जलाभिषेक किया। यहां शांति व्यवस्था बनाने में सिविल और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों में एडीएम शैलेन्द्र कुमार सिंह, सीओ प्रथम धर्मेंद्र चौहान, कोतवाली थाना अध्यक्ष लक्ष्मण वर्मा आदि विधि व्यवस्था में लगे रहे।