पूर्व मंत्री कपिल मिश्रा व आम आदमी पार्टी महिला विंग की अध्यक्ष रिचा पाण्डेय मिश्रा दल बल के साथ भाजपा में शामिल
            #भाजपा में इसलिये आया हूँ कि भारत माता की जय खुल कर बोल सकूं-कपिल मिश्रा

 

            #केजरीवाल महिलाओं का सम्मान नहीं करते हैं-रिचा पाण्डेय मिश्रा 

 

नई दिल्ली। दिल्ली सरकार के पूर्व जल मंत्री कपिल मिश्रा और आम आदमी पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता व महिला विंग की अध्यक्षा रिचा पाण्डेय मिश्रा आज अपने दल बल के साथ भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुये। दिल्ली भाजपा प्रभारी श्याम जाजू, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी, नेता प्रतिपक्ष विजेन्द्र गुप्ता, पूर्व केन्द्रीय मंत्री विजय गोयल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष  सतीश उपाध्याय एवं प्रदेश सदस्यता प्रमुख एवं महामंत्री कुलजीत सिंह चहल ने कपिल मिश्रा एवं रिचा पाण्डेय मिश्रा को पत्रकारों के समक्ष भाजपा का पटका पहनाकर विधिवत पार्टी में शामिल किया। 

प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू ने कहा कि केजरीवाल ने जिस दिन सर्जिकल स्ट्राइक का सबूत मांगा था उसी दिन से  कपिल मिश्रा ने उसका विरोध करना शुरू कर दिया था और राष्ट्रवाद से जुड़ गये थे। आम आदमी पार्टी में रह कर कपिल मिश्रा ने हमेशा केजरीवाल की जनविरोधी नीतियों का विरोध करते रहे हैं। आम आदमी पार्टी दिल्ली की जनता के मन से उतर चुकी है और अब दिल्ली के लोग भारतीय जनता पार्टी को विकल्प के रूप में देख रहे हैं।

प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि  कपिल मिश्रा पार्टी की नीतियों में संकल्प लेकर दिल्ली में बैठी उस सत्ता के खिलाफ काम करेंगे जो जनविरोधी और लोगों को गुमराह करने वाली है। कपिल मिश्रा अब तक जनविरोधी लोगों के साथ थे और अब उन लोगों को दिल्ली की सत्ता से हटाने के लिए काम करके राष्ट्रहित में अपना योगदान देंगे और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय की नीतियों पर चलकर देश की सेवा करेंगे।

श्री तिवारी ने कहा कि आम आदमी पार्टी जिन उद्देश्यों से बनी थी आज वह मकसद खत्म हो गया है इसलिये उसमें रहने वाले लोग घुटन महसूस कर रहे हैं। केजरीवाल के तानाशाही रवैये और जनविरोधी नीतियों से न सिर्फ दिल्ली के लोग परेशान हैं बल्कि उनकी पार्टी में रहने वाले लोग भी एक-एक करके पार्टी छोड़ रहे हैं। केजरीवाल एक तरफ दिल्ली की महिलाओं को डीटीसी बसों में मुफ्त यात्रा की चुनावी घोषणा करके दिल्ली के लोगों को गुमराह कर रहे हैं, दूसरी ओर उनकी पार्टी के महिला विंग की अध्यक्ष रिचा पाण्डेय मिश्रा खुद केजरीवाल को महिला विरोधी और घोषणा मंत्री करार दे रही हैं।

 

केजरीवाल को डांकू की संज्ञा देते हुये भावुक होकर  कपिल मिश्रा ने कहा कि मैं भारतीय जनता पार्टी में इसलिये शामिल हो रहा हूँ कि भारत माता की खुल कर जय बोल सकूं, कश्मीर को अपना कह सकूं, भ्रष्टाचार की लड़ाई लड़ सकूं, टुकड़े-टुकड़ें गैंग के खिलाफ खुल कर बोल सकूं और दिल्ली की नकारात्मक राजनीति के खिलाफ लड़ाई लड़ सकूं। भाजपा में शामिल करने के लिए पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुये श्री कपिल मिश्रा ने कहा कि पिछले दो साल से भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ रहा था और ऐसा लगता था कि मेरे आगे पीछे कोई नहीं है, लेकिन अब लगता है कि समुन्दर का मजबूत किनारा मिल गया है। माँ ने कई बार समझाया था, लेकिन मैंने माँ की बात न मान कर गलत किया था, आज मुझे उसका अहसास है। भाजपा का कार्यकर्ता बनने के लिये मेरी विधानसभा सदस्यता सौ बार भी चली जाती तो मुझे कोई गम नहीं था। केजरीवाल जैसे भ्रष्टाचारी राजनेता की पोल खुल चुकी है और आने वाले विधानसभा में जनता आम आदमी पार्टी को सबक सिखायेगी। 

 

केजरीवाल को महिला विरोधी बताते हुये रिचा पाण्डेय मिश्रा ने कहा कि 6 साल पहले अपना सब कुछ छोड़कर मां भारती की सेवा करने के लिए राजनीति में आई थी लेकिन देश की सेवा करने का जो जज्बा लेकर आई थी वैसा आम आदमी पार्टी में कुछ भी नहीं है। अपनी बात कहने की भी आजादी नहीं है, लेकिन आज यह लग रहा है कि जिस वैकल्पिक राजनीति की तलाश में राजनीति में आई थी, भाजपा में आकर वह तलाश पूरी हो गई है। जिस भ्रष्टाचार को लेकर हम लड़ाई लड़ रहे थे, उस भ्रष्टाचार की सच्ची लड़ाई भारतीय जनता पार्टी लड़ रही है। हम अपने रास्ते से भटक कर खास लोगों की पार्टी में चले गये थे जबकि सचमुच में आम लोगों की पार्टी भारतीय जनता पार्टी है। पूरी शिद्दत से दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने के लिये काम करेंगे।