पूर्वी दिल्ली की महापौर ने निर्माणाधीन चांदीवाल अस्पताल को 2 माह में पूरा करने के दिये निर्देश

दिल्ली। पूर्वी दिल्ली की महापौर, सुश्री अंजु ने आज वार्ड संख्या-38 ई, रोहताश नगर क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस मौके पर महापौर के साथ वार्ड समिति शाहदरा उत्तरी क्षेत्र के उपाध्यक्ष बीर सिंह पंवार; स्थानीय पार्षद सुमनलता नागर एवं अपर निगम आयुक्त, डाॅ. ब्रजेश सिंह सहित वरिष्ठ निगम अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित थे।


निरीक्षण के दौरान महापौर ने निर्माणाधीन चांदीवाल अस्पताल का दौरा कर निर्माण कार्य का जायजा लिया। महापौर ने संबंधित अधिकारियों को अस्पताल के मुख्य गेट को बड़ा करने तथा अस्पताल के निर्माण कार्य को 2 माह में पूर्ण करने के निर्देश दिये।


स्थानीय पार्षद ने महापौर को चांदीवाल अस्पताल के पास स्थित निगम के  मलेरिया सर्कल कार्यालय के भवन के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह भवन जर्जर अवस्था में है और काफी समय से प्रयोग में नहीं लाया जा रहा है जिसके कारण स्थानीय लोगों ने इस पर अतिक्रमण किया हुआ है। इस संबंध में महापौर ने तुरंत प्रभाव से अतिक्रमण को हटाने और इस जर्जर भवन को गिराकर नये भवन का निर्माण करने के निर्देश दिये।


इसके अलावा स्थानीय लागों ने महापौर को चांदीवाल अस्पताल के पास मुख्य मार्ग के बारे में अवगत कराया। उन्होने बताया कि पी.डब्ल्यू.डी के अधीन आने वाला यह रोड काफी जगहों से टूटा हुआ है। महापौर ने निर्देश दिये कि पी.डब्ल्यू.डी के संबंधित अधिकारियों से संपर्क करके इस रोड को ठीक कराया जाये। इसके अतिरिक्त महापौर ने कबूलनगर स्थित महिला पार्क का निरीक्षण कर उसे और विकसित कर हरा-भरा बनाने के भी निर्देश दिये।