सभी राजनीतिक दल,सामाजिक,धार्मिक व व्यापारिक संगठनों से जुड़े हुये हजारों लोगों ने स्व मांगे राम गर्ग को दी श्रद्धाजंलि

 नई दिल्ली। आज इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व विधायक व धर्मयात्रा महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वर्गीय मांगेराम गर्ग जी की स्मृति में श्रद्धाजंलि सभा का आयोजन किया गया । श्री मांगे राम गर्ग जी के नेतृत्व में 1999 में भाजपा ने दिल्ली की सभी सातों सीटों पर विजय प्राप्त करके श्रद्धेय अटल बिहारी बाजपेयी जी के हाथ मजबूत किये थे। श्री मांगेराम गर्ग लगातार पांच सालों तक वर्ष 1997 से 2002 तक प्रदेश अध्यक्ष रहे। 2003 से 2008 तक दिल्ली विधानसभा के सदस्य रहे। 
श्री मांगे राम गर्ग जी की श्रद्धाजंलि सभा में लोकसभा के स्पीकर ओम बिरला, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद विजय गोयल, सांसद  मिनाक्षी लेखी,  प्रवेश वर्मा,  रमेश बिधूड़ी, दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष  विजेन्द्र गुप्ता प्रदेश संगठन महामंत्री  सिद्धार्थन, प्रदेश महामंत्री  कुलजीत सिंह चहल एवं विश्व हिन्दू परिष्द से  चंपत राय, आम आदमी पार्टी के सांसद  सुशील गुप्ता, वरिष्ठ प्रचारक  प्रेम गोयल, सेवाभारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष  पन्ना लाल, आचार्य लोकेश मुनि, शहरी विकास मंत्री उतराखण्ड  मदन कौशिक, पूर्व मंत्री मंगत राम सिंघल,  रमाकांत गोस्वामी, दधिचि देहदान समिति के अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा सहित सभी राजनीतिक दलों के प्रमुख लोग, समाजिक, धार्मिक व व्यापारिक संगठनों से जुड़े हुये व हजारों लोगों ने श्री मांगे राम गर्ग जी की श्रद्धाजंति सभा में सम्मिलित हुये।


पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्री मांगे राम गर्ग को पुष्पाजंलि अर्पित करने के बाद उन्हें याद करते हुये लोकसभा अध्यक्ष  ओम बिरला ने कहा कि किसी भी तरह का कोई समाजिक काम हो या देश के किसी भी कोने में कोई प्राकृतिक आपदा आई हो श्री मांगे राम गर्ग सहायता के लिए सदैव तत्पर रहते थे। समाज के शोषित, पीड़ित, वंचित और अभाव में जीने वाले वर्ग की सेवा के लिये उन्होने अपना सम्पूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। मैं जब युवा मोर्चा में था तो श्री मांगे राम गर्ग का सानिध्य प्राप्त हुआ जो मेरे जीवन पर अविस्मरणीय छाप छोड़ गया। स्वर्गीय श्री मांगेराम गर्ग जी का का सरलता से जीना और सभी को साथ लेकर चलने की कला उनके उदार चरित्र का प्रमाण बनकर सदा उनके साथ चलती रही। जीवन के अन्तिम समय में भी संगठन के कामों में उनकी भागीदारी को कोई नहीं भुला सकता है। सभी से इस प्रकार मिलना जैसे कि पहली बार मिले हो वो आदर सत्कार और चेहरे पर एक छोटी सी मुस्कान को कोई नहीं भुला सकता है।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व दिल्ली के प्रभारी  श्याम जाजू ने कहा कि श्री मांगेराम गर्ग जी बाल्यकाल से स्वयंसवेक रहे थे। सेवा की प्रकाष्ठा ये है कि उन्होंने अपना शरीर चिकित्सक शोध के लिए लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज को दान कर दिया। जीवन भर वो समाज के काम आते रहे और निधन के उपरान्त भी वह समाज के ही काम आये। यह है संघ का बलिदान जो जीवन के उपरान्त भी समाज के लिये समर्पित है। उन्होंने अपने जीवन काल में स्वयं की कमाई का सब कुछ अनेक संस्थाओं को देश एवं समाज हित में दान कर दिया।
दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री विजेन्द्र गुप्ता ने कहा कि सामाजिक कार्या व दायित्वों के लिए सदैव तत्पर रहने वाले  मांगे राम गर्ग जी ने सैकड़ों सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं का गठन करके सेवा भाव का काम किया।  कई समाजिक संस्थाओं में श्री मांगे राम गर्ग जी प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष तौर पर सक्रिय रहकर समाज कल्याण में तल्लीन रहे। उन्होनें राजनीति को सेवा के सर्वश्रेष्ठ माध्यम के रूप में अपनाते हुये देश व समाज कल्याण के लिए अन्तिम समय तक काम किया। उन्होनें राजनीति में लोगों के लिए उच्च आदर्शों की वह रेखा खींच दी जिसका अनुसरण कर कोई भी नैतिकता व समाज कल्याण की राह पर आगे बढ़ सकता है। ईश्वर स्वर्गीय श्री मांगे राम गर्ग जी की पूण्यआत्मा को शांति प्रदान करें ऊं शांति।