उत्तरी दिल्ली नगर निगम के स्कूलों में डिजिटल कक्षा का उद्घाटन

दिल्ली। सोसाइटी फॉर आल राउंड डेवलपमेंट (सार्ड संस्था) ओरेकल  के सहयोग से दक्षिणी दिल्ली और उत्तरी दिल्ली नगर निगम के विद्यालयों में डिजिटल कक्षाएं शुरू कर रहा है| इस कार्यक्रम का मकसद तकनीक के माध्यम से बच्चों में न सिर्फ पढ़ने के प्रति रूचि उत्पन्न करना है बल्कि उनको वास्तविक दुनिया से जोड़ कर उनकी समझ को लम्बे समय के लिए पुख्ता करना है| जिससे वो चीज़ों को समझ कर अपने जीवन से जोड़ सकें और उसे ग्रहण कर सकें|


इसी क्रम के अंतर्गत आज दिनांक 3 अगस्त को उत्तरी नगर निगम शिक्षा समिति अध्यक्ष, रितु गोयल की अगुवाई में उत्तरी नगर निगम के सरस्वती स्कूल में डिजिटल कक्षा का उद्घाटन हुआ| रितु गोयल जी ने सार्ड के इस कदम की सरहाना करते हुए कहा कि आज जब हम तकनीक की बात करते हैं तो शिक्षा इसमें पीछे क्यों रहे| बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ साथ वास्तविक संसार से जोड़ा जाना ज़रूरी है ताकि उनकी समझ बने और वह अपनी कक्षा को उस कमरे तक सीमित न रखते उस सिद्धांत को हुए अपने दैनिक जीवन में हर जगह तलाशें|


अतिरिक्त शिक्षा निदेशक निर्मल जी ने बताया कि सार्ड ने पिछले साल उत्तरी दिल्ली के नगर निगम विद्यालयों में बच्चों के अधिगम पर सरहानीय कार्य किया और बधाई देते हुए कहा कि बच्चे डिजिटल कक्षा में ज़रूर रूचि दिखाएंगे| साथ ही उन्होंने नगर निगम के अन्य विद्यालयों में भी ऐसे कार्य की परिकल्पना की|


अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्य उषा गुप्ता ने सभी अतिथियों का धन्यवाद किया| इस कार्यक्रम में निगम पार्षद नीरज कुमार, बागवानी विभाग से के.पी.सिंह,मुख्यालय से विद्यालय निरीक्षक अंजू अरोड़ा, केशवपुरम क्षेत्र से विद्यालय निरीक्षक भरत भूषण, कार्य विभाग से सतीश जी और शिव कुमार अग्रवाल, समस्त स्कूल के अध्यापक व सार्ड टीम मौजूद थी|