निगम के प्रयासों से कम हुआ डेंगू-महापौर

 मुख्यमंत्री केजरीवाल कर रहे हैं सिर्फ विज्ञापनबाजी


पूर्वी दिल्ली की महापौर अंजु ने आज स्थायी समिति अध्यक्ष संदीप कपूर व नेता सदन निर्मल जैन के साथ निगम मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर कहा कि निगम की मेहनत व गंभीर प्रयासों के चलते दिल्ली में डेंगू के मामलों में कमी आई है जबकि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल केवल विज्ञापनबाजी कर इसका श्रेय लेने में लगे हैं।  उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री केजरीवाल आम जनता का पैसा करोड़ों के विज्ञापनों में बर्बाद कर रहे हैं।


स्थायी समिति अध्यक्ष संदीप कपूर ने कहा कि मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए निगम के डीबीसी कर्मचारी कड़ी मेहनत करते हैं लेकिन दिल्ली सरकार द्वारा मच्छरजनित हीमारियों की रोकथाम के इतनी कम धनराशि दी जाती है कि उससे डीबीसी कर्मचारियों का वेतन भुगतान भी संभव नहीं। कपूर ने कहा कि निगम में डीबीसी कर्मचारी अस्थायी है जिसके चलते उन्हें बहुत कम वेतन मिलता है। उन्होंने  बताया कि पूर्वी दिल्ली नगर निगम में 710 डीबीसी कर्मचारी हैं जिनके वेतन पर करीब सालाना 13-14 करोड़ रूपए खर्च होते हैं जबकि 3 करोड़ रूपए इनके वेतन के लिए देती है। उन्होंने कहा कि डीबीसी कर्मचारियों के मेहनत से ही डेंगू, चिकनगुनिया व मलेरिया जैसी बीमारियों के मामलों में कमी आई है।स्थायी समिति अध्यक्ष संदीप कपूर ने कहा कि केजरीवाल को डीबीसी कर्मचारी को स्थायी करना चाहिए ताकि उन्हें उचित वेतन व सुविधाएं मिल सके।


नेता सदन निर्मल जैन ने बताया कि इस साल पूर्वी दिल्ली में डेंगू के सिर्फ 7 मामले सामने आए हैं जबकि चिकनगुनिया का कोई मामला सामने नहीं आया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की केजरीवाल सरकार नारों की सरकार है जो धरातल पर कोई काम नहीं करती है पर दिल्ली सरकार के असहयोग के बावजूद पूर्वी दिल्ली नगर निगम जनता की अधिकतम सेवा करता रहेगा।